कर्नाटक : शिवमोगा में बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के बाद तनाव, इलाके में धारा 144 लागू; स्कूल-कॉलेज दो दिन के लिए बंद

Follow on Google News
कर्नाटक : शिवमोगा में बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के बाद तनाव, इलाके में धारा 144 लागू; स्कूल-कॉलेज दो दिन के लिए बंद
कर्नाटक में हिजाब विवाद के बीच शिवमोगा में बजरंग दल के कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्या को हिजाब विवाद से भी जोड़ा जा रहा था, लेकिन राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने फिलहाल इससे इनकार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव बढ़ता देख धारा 144 लागू कर दी गई है, जो कि 23 फरवरी तक लागू रहेगी।

हिजाब के खिलफ फेसबुक पर लिखा था पोस्ट

अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है। वहीं 26 वर्षीय बजरंग दल कार्यकर्ता की पहचान हर्षा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि, उसने फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ और भगवा शॉल के समर्थन में पोस्ट लिखी थी। जिसके चलते इस हत्या को हिजाब विवाद से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। दरअसल, कर्नाटक के उडुपी में हिजाब विवाद सामने आने के बाद से ही बजरंग दल काफी सक्रिय है।

स्कूल-कॉलेज दो दिन के लिए बंद

राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र मारे गए बजरंग दल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा, '4-5 युवकों के समूह ने एक 26 साल के युवक की हत्या कर दी। इस हत्या के पीछे किस संगठन का हाथ है, यह अभी नहीं कहा जा सकता। फिलहाल शिवमोगा में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए एहतियात के तौर पर स्कूल-कॉलेज दो दिन के लिए बंद कर दिए गए हैं।

कांग्रेस नेता के भड़काने पर हुई हिंसा : ईश्वरप्पा

कर्नाटक के ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने विशेष धर्म समुदाय के लोगों पर यह मर्डर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि, मैं बजरंग दल कार्यकर्ता की मौत से बेहद दुखी हूं। हर्षा की हत्या मुस्लिम गुंडों ने की है। मैं अब स्थिति का विश्लेषण करने के लिए शिवमोग्गा जा रहा हूं। हम गुंडागर्दी नहीं होने देंगे। साथ ही कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भड़काने पर यह हिंसा हुई, क्योंकि उन्होंने कहा था कि तिरंगा हटाकर, भगवा लहराया गया है। ये भी पढ़ें- कर्नाटक हिजाब कंट्रोवर्सी पर बोलीं Malala- लड़कियों को स्कूल जाने से रोकना भयावह; भारतीय नेताओं से की ये अपील

कांग्रेस नेता ने कही थी टुकड़ों में काटने की बात

कर्नाटक हिजाब मामले में कर्नाटक के कांग्रेस नेता का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो हिजाब का विरोध करने वालों को धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में उन्हें यह कहते सुना गया था कि, हिजाब का विरोध करने वालों को टुकड़ों में काट दिया जाएगा। खान ने कथित तौर पर कहा था कि हमारी जाति (धर्म) को चोट मत पहुंचाओ, सभी जातियां समान हैं। जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। ये भी पढ़ें- कोरोना से बड़ी राहत : देश में बीते 24 घंटों में 16,051 नए केस दर्ज, सक्रिय मरीज भी घटकर 2 लाख हुए

बजरंग दल ने दी चेतावनी

बजरंग दल इस मामल में पुलिस की कार्रवाई से नाखुश नजर आ रहा है। बजरंग दल के नेता रघु सकलेशपुर ने मीडिया से कहा कि हर्षा उनका सक्रिय कार्यकर्ता था। अगर पुलिस ने सख्त एक्शन नहीं लिया, तो बजरंग दल आगे की रणनीति तैयार करेगा। इस बीच शिवमोगा में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें...
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts