छिंदवाड़ा में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: ट्रक से गांजा और कैश बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा। सिंगोड़ी के पेंच नदी के पास पुलिस ने करीब 40 किलोमीटर पीछा करने के बाद टाटा सफारी को घेरकर छह युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, सफारी को रोकने के लिए बैरिकेड और कंटेनर लगाया गया था, लेकिन चालक ने कंटेनर को टक्कर मारकर निकलने की कोशिश की। भूमका घाटी में अमरवाड़ा और कुंडीपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक से कई क्विंटल गांजा और भारी मात्रा में नकदी बरामद होने की सूचना है, हालांकि पुलिस ने अभी मात्रा और रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कंटेनर और सफारी की भी होगी जांच
इस कार्रवाई में सबसे अहम बात यह सामने आ रही है कि जिस सफारी का पुलिस पीछा कर रही थी, वह कथित तौर पर एक कंटेनर के आगे-आगे चल रही थी। सूत्रों के मुताबिक, कंटेनर में कुछ संदिग्ध या गलत सामान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में किसी भी तरह की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि कंटेनर और सफारी से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें: सिंधिया राजघराने की संपत्ति विवाद पर सुनवाई: प्रतिमा देवी की आपत्ति पर टली बहस, बराबर हिस्से की मांग रखी
ट्रक से कई क्विंटल गांजा मिलने की सूचना
छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर मार्ग पर भूमका घाटी के पास अमरवाड़ा और कुंडीपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से कई क्विंटल गांजा और भारी मात्रा में नकदी बरामद होने की सूचना है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ट्रक छिंदवाड़ा की ओर से आ रहा था। संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भूमका घाटी के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका और कार्रवाई के दौरान बरामद मादक पदार्थ और नकदी को बरामद किया है।
आरोपियों से पूछताछ में जुटी पुलिस
बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस को इसके पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ ट्रक के दस्तावेज की भी जांच कर रही है। फिलहाल ट्रक उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है। वहीं, बरामद नकदी की गिनती और जब्त गांजे की मात्रा की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी।





















