देशभर में बारिश का अटैक! दिल्ली-NCR बेहाल, 15 राज्यों में बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। कई प्रमुख सड़कों और इलाकों में पानी भरने से यातायात की रफ्तार धीमी हो गई। गुरुग्राम में भारी जलभराव के बाद सरकारी कार्यालयों और स्कूलों को घर से काम और ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था अपनाने की सलाह दी गई है। सोमवार को गुरुग्राम में कई प्रमुख रास्तों पर पानी भर गया था। जिला प्रशासन के मुताबिक, गुरुग्राम तहसील में सोमवार सुबह से शाम तक 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली में जलभराव से ट्रैफिक पर असर
राजधानी के कई हिस्सों में बारिश के बाद सड़कों पर पानी जमा हो गया। एम्स फ्लाईओवर, कनॉट प्लेस, आईटीओ और आरके पुरम जैसे इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और आसपास के रास्तों पर भी वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई। भारी बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर 26 उड़ानें रद्द और 15 डायवर्ट की गई थीं।
गुरुग्राम में घर से काम की सलाह
गुरुग्राम में जलभराव और ट्रैफिक जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 25 अगस्त को कॉरपोरेट कार्यालयों, सरकारी दफ्तरों और स्कूलों को वर्क फ्रॉम होम या ऑनलाइन व्यवस्था अपनाने की सलाह दी। प्रशासन का मकसद सड़कों पर भीड़ कम करना और जलनिकासी व सड़क सुधार का काम आसानी से कराना है। सोमवार को शहर में कई जगहों पर पानी भरने से यातायात काफी धीमा रहा।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चंदा चोरी की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार अभिषेक उपाध्याय को सुप्रीम कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर रोक
यूपी में बारिश से हालात बिगड़े
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को भी बारिश जारी रही। वाराणसी, अयोध्या, जौनपुर, गाजीपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार पानी गिरने से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वाराणसी में बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने और लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की खबर है। राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में जानमाल का नुकसान भी हुआ है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश
मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा और दूसरे जिलों में बारिश के कारण कई जगह पानी भर गया। बाजारों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ। छत्तीसगढ़ में कोरबा के देवपहरी जलप्रपात के पास तीन युवकों के टापू पर फंसे होने की सूचना है। राहत और बचाव दल उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
बिहार में बढ़ रहा नदियों का जलस्तर
बिहार में लगातार बारिश के बीच गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। पटना, बेगूसराय और भागलपुर के आसपास नदी का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंचने से चिंता बढ़ी है। गंडक समेत कुछ अन्य नदियों में भी पानी बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
राजस्थान और उत्तराखंड में भी बारिश का असर
राजस्थान के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। जयपुर, कोटा और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहने के साथ बारिश हुई। उत्तराखंड के कई जिलों में भी देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक जलभराव का खतरा बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: ‘SIR के लिए जिगर चाहिए’,CEC ज्ञानेश कुमार का बयान! अमेरिका का भी किया जिक्र, वोटरों से की बड़ी अपील
27 अगस्त तक कई राज्यों में भारी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे मौसम में निचले इलाकों में जलभराव, अचानक बाढ़ और यातायात बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है।




















