PU Special :कान्हा नेशनल पार्क में पर्यटकों के लिए खुशखबरी, दो नए बफर जोन जल्द होंगे शुरू

कान्हा टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के लिए समनापुर और बटवार के दो नए बफर जोन खोलने की तैयारी है। प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजा गया है और औपचारिक मंजूरी का इंतजार है। दोनों जोन शुरू होने पर पर्यटकों के लिए बफर जोन की संख्या पांच हो जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार 100 से 120 जिप्सियों को प्रतिदिन प्रवेश दिया जा सकेगा।
कान्हा नेशनल पार्क में पर्यटकों के लिए खुशखबरी, दो नए बफर जोन जल्द होंगे शुरू
फाइल फोटो

हर्षित चौरसिया, जबलपुर। विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। इस टूरिस्ट सीजन सैलानियों को पार्क प्रशासन की ओर से एक नई सौगात मिलने जा रही है। कान्हा नेशनल पार्क में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए दो नए बफर जोन समनापुर और बटवार को जल्द ही खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इन दोनों नए जोन के शुरू होने से पार्क में पर्यटन का दायरा काफी बढ़ जाएगा। इससे मलाजखंड और मंडला की ओर से आने वाले पर्यटकों को फायदा मिलेगा। बताया जाता है कि मौजूदा समय में कान्हा नेशनल पार्क में पर्यटकों के लिए तीन बफर जोन संचालित हो रहे हैं, लेकिन इन दो नए जोन के जुड़ने के बाद सैलानियों के पास घूमने के लिए कुल पांच लोकप्रिय बफर जोन का विकल्प उपलब्ध होगा। इन सभी जोन में पर्यटक आसानी से बाघ, तेंदुआ, बारहसिंगा और अन्य दुर्लभ वन्यजीवों का दीदार कर सकेंगे।

प्रस्ताव पर स्वीकृति का इंतजार

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक समनापुर और बटवार बफर जोन को पर्यटकों के लिए खोले जाने का पूरा प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर भेज दिया गया है। शासन स्तर से इस प्रस्ताव पर औपचारिक स्वीकृति मिलने का इंतजार किया जा रहा है। हरी झंडी मिलते ही इन दोनों नए रूटों पर सफारी की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी, जिससे इस सीजन आने वाले पर्यटकों को भारी भीड़ से राहत मिलेगी और सफारी का अनुभव और अधिक रोमांचक हो जाएगा।

ये भी पढ़ें: मप्र के टाइगर रिजर्व में नए मिजाज की तैयारी, टूरिस्ट गाइड्स सीख रहे फर्राटेदार अंग्रेजी

100 से 120 नई गाड़ियों को मिलेगी एंट्री

प्रस्ताव के मुताबिक, समनापुर और बटवार जोन में लगभग 100 से 120 जिप्सियों (गाड़ियों) को प्रतिदिन एंट्री दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इससे स्थानीय युवाओं और जिप्सियों चालकों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

मुख्यालय से मंजूरी का इंतजार

कान्हा नेशनल पार्क में सैलािनयों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सीजन में कोर जोन की सफारी फुल होने पर पर्यटक बफर जोन में भ्रमण करते हैं, लेकिन बफर में भी टिकट न मिलने से सैलानी निराश हो जाते हैं। इसे देखते हुए समनापुर और बंटवार बफर जोन खोलने को प्रस्ताव तैयार किया है। मुख्यालय से स्वीकृति मिलते ही इस सीजन में ये पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे।

-प्रकाश कुमार वर्मा, डिप्टी डायरेक्टर, कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला

ये भी पढ़ें: कूनो में इलाज के दौरान नामीबियाई चीता गौरव की मौत, 10 दिन पहले जंगल में सुस्त हालत में मिला था

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts