Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में कवियों ने जमाया रंग, सलमान खान से लेकर मायावती तक पर चुटीले कटाक्ष; ठहाकों से गूंजा मैदान

सीहोर में विधायक सुदेश राय के जन्मदिन पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। सुनील जोगी, हेमंत पांडे और शबीना अदीब सहित कई कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीता।
सीहोर में कवियों ने जमाया रंग

सीहोर। कभी सलमान खान की हेकड़ी पर तंज, कभी मायावती की कुर्सी की जिद पर चुटीला कटाक्ष तो कभी समाज और देश के गंभीर मुद्दों पर तीखा व्यंग्य। कविता की हर विधा ने मंगलवार की रात सीहोर के लिसा टॉकीज मैदान को यादगार बना दिया। सर्द हवाओं के बीच हजारों श्रोता कभी ठहाके लगाते नजर आए तो कभी कवियों की गंभीर रचनाओं पर तालियां बजाकर अपनी भावनाएं जाहिर करते रहे। हास्य, व्यंग्य, शायरी और वीर रस से सजी इस साहित्यिक महफिल में देर रात तक लोग जमे रहे।

विधायक के जन्मदिन पर सजा साहित्य और हास्य का मंच

टॉकीज सामाजिक सांस्कृतिक संगठन की ओर से विधायक सुदेश राय के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मंगलवार रात लिसा टॉकीज मैदान पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। आयोजन में सीहोर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। करीब दस हजार से अधिक श्रोताओं की मौजूदगी से मैदान खचाखच भरा रहा। मंच से गूंजती कविताओं और श्रोताओं की तालियों ने पूरे वातावरण को उत्सव में बदल दिया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कवि सम्मेलन का शुभारंभ

मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कवि सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर राय परिवार के मुखिया एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, विधायक सुदेश राय, नीलेश राय, समाजसेविका अरुणा राय सहित रांझा राय, राजकुमार जायसवाल, राज राय, बिट्टू राय और परिवार के अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार कहानीकार पंकज पुरोहित रहे।

रोहित झन्नाट की हास्य कविताओं ने लगाए ठहाके

देवास के प्रसिद्ध कवि शशिकांत यादव सबरस ने अपनी खास शैली में कवि सम्मेलन का संचालन किया। उज्जैन के लोकप्रिय हास्य कवि रोहित झन्नाट ने हास्य कविताओं और मिमिक्री के जरिए श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। उनकी प्रस्तुति पर मैदान में लगातार हंसी और तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

हेमंत पांडे ने देश के हालात पर किया व्यंग्य

कानपुर के व्यंग्य एवं हास्य कवि और लाफ्टर शो फेम हेमंत पांडे ने अपनी रचनाओं से सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों को मंच पर उठाया। उनकी कविता 'देश बातों से नहीं, इरादों से चलेगा' ने श्रोताओं का ध्यान खींचा। कौमी एकता पर आधारित उनकी लंबी कविता को भी खूब सराहना मिली। हास्य के साथ गंभीर संदेश देने की उनकी शैली ने श्रोताओं को सोचने पर मजबूर किया।

सुनील जोगी के कटाक्ष पर गूंजा पूरा मैदान

पद्मश्री डॉ. सुनील जोगी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में समसामयिक घटनाओं पर तीखे कटाक्ष किए। उनकी पंक्तियां 'खाना था किसी और का, कोई और खा गया, सलमान खान की हेकड़ी को बिश्नोई खा गया' सुनते ही मैदान तालियों से गूंज उठा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की राजनीति और सामाजिक घटनाओं पर उनके व्यंग्य ने खूब वाहवाही बटोरी। उनकी प्रस्तुति ने हास्य के साथ मौजूदा घटनाक्रम पर टिप्पणी का भी मौका दिया।

सीहोर में देवउठनी एकादशी पर बाल विवाह रोकने प्रशासन अलर्ट, जिलेभर में निगरानी टीमें तैनात

शबीना अदीब की गजलों ने बांधा शायरी का समां

कवयित्री शबीना अदीब ने अपनी गजलों और श्रृंगार रस की शायरी से माहौल को एक अलग रंग दिया। 'खामोश लब हैं, झुकी-झुकी निगाहें, अभी मोहब्बत नई-नई है' जैसी पंक्तियों ने श्रोताओं को भावनाओं की दुनिया में पहुंचा दिया। उनकी आवाज और शायरी के अंदाज पर श्रोताओं ने जमकर दाद दी।

मायावती की जिद पर कटाक्ष ने खूब गुदगुदाया

हास्य कवि जानी बैरागी और दिनेश देसी घी ने भी अपनी व्यंग्यात्मक रचनाओं से खूब रंग जमाया। मायावती की कुर्सी को लेकर जिद पर चुटीली पंक्तियों और मोबाइल पर आने वाले संदेशों पर हास्य व्यंग्य ने श्रोताओं को हंसने पर मजबूर कर दिया। सर्द रात में भी कवियों की प्रस्तुतियों ने ऐसा उत्साह बनाए रखा कि लोग देर रात तक अपनी जगह से नहीं उठे।

सीहोर: बुधनी में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, पति-पत्नी और बेटे के मिले शव

देर रात तक जमे रहे श्रोता, कवियों को मिली भरपूर दाद

कवि सम्मेलन में हास्य के साथ सामाजिक सरोकार, राजनीतिक कटाक्ष, देशभक्ति और मानवीय भावनाओं का भी संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के अंतिम दौर तक श्रोता पूरे उत्साह के साथ मौजूद रहे। बीच-बीच में गूंजती तालियों और ठहाकों ने कवियों का उत्साह बढ़ाया। अंत में लोगों ने विधायक सुदेश राय को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साहित्य, मनोरंजन और सामाजिक संदेश से सजी यह कवि सम्मेलन की रात सीहोरवासियों के लिए यादगार बन गई।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts