पांढुर्णा में ड्रोन से पकड़ी अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री, 12 हजार किलो महुआ लाहन जब्त

पांढुर्णा।जिले में अवैध और नकली शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने ड्रोन तकनीक की मदद से बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने ड्रोन से निगरानी कर दो गांवों में अवैध शराब बनाने के ठिकानों का पता लगाया और दबिश दी। कार्रवाई के दौरान करीब 12 हजार किलोग्राम महुआ लाहन और 90 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 12 लाख 9 हजार रुपये बताई गई है।
ड्रोन से निगरानी कर दो गांवों में दी दबिश
आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त पांढुर्णा के ग्राम पीपलपानी और वृत्त सौंसर के ग्राम बड़गाबोडी में ड्रोन तकनीक से निगरानी की। इस दौरान अवैध शराब निर्माण के ठिकानों को चिह्नित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई में शराब बनाने के लिए चढ़ाई गई भट्टी भी मिली। मौके से हाथ भट्टी महुआ शराब बनाने के लिए एकत्रित किया गया करीब 12 हजार किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ।
90 बल्क लीटर शराब जब्त, लाहन किया नष्ट
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने 90 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त कर अपने कब्जे में ली। बरामद महुआ लाहन का नमूना लेने के बाद शेष लाहन को अनुपयोगी होने के कारण विधिवत नष्ट कर दिया गया। विभाग के अनुसार जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 12 लाख 9 हजार रुपये है।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में 5 दिसंबर से सांसद खेल महोत्सव, 15 नवंबर से शुरू होगी जिला स्तरीय क्रिकेट स्पर्धा
आबकारी अधिनियम के तहत आठ प्रकरण दर्ज
इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल आठ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी मामलों को विवेचना में लिया गया है। यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
आबकारी विभाग की टीम रही कार्रवाई में शामिल
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जीएल मरावी, भारती गौंड, राजेश सिंघल, प्रमोद धुर्वे, आबकारी उपनिरीक्षक रविंद्र लिल्हारे, जीत सिंह धुर्वे, वृत्त प्रभारी अनिकेत पटेल, उपनिरीक्षक पूर्णिमा वरकडे, हर्ष सोनी सहित आबकारी आरक्षक शामिल रहे। अभियान कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त बीआर वैद्य के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: पांढुर्णा में 15 घंटे कुएं में फंसा रहा तेंदुआ, वन अमला खटिया-सीढ़ी लगाकर चला गया; सुबह हुआ गायब




















