Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन, कई राज्यों में मार्च; नड्डा बोले- ‘झूठ को सौ बार दोहराने से सच नहीं बनता’

SIR को लेकर कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन किया। दिल्ली, जयपुर, यूपी और महाराष्ट्र में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और इस्तीफे की मांग की। जयपुर में वाटर कैनन का इस्तेमाल हुआ। कांग्रेस के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पलटवार किया और पार्टी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन, कई राज्यों में मार्च; नड्डा बोले- ‘झूठ को सौ बार दोहराने से सच नहीं बनता’

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। सोमवार 28 सितंबर को दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। पार्टी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।

कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़कर काम कर रहा है। वहीं, भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस के प्रदर्शन और आरोपों पर निशाना साधा है।

कांग्रेस बोली- CEC का इस्तीफा लोकतंत्र की बहाली की पहली सीढ़ी

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग का काम नागरिकता तय करना नहीं है। जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि SIR के दौरान चुनाव आयोग नागरिकता निर्धारित करने के मामले में अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम कर रहा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया के हालिया इंटरव्यू का भी हवाला दिया। उनके मुताबिक, नागरिकता का निर्धारण नागरिकता अधिनियम, 1955 और संसद द्वारा समय-समय पर किए गए संशोधनों के तहत होता है। कांग्रेस ने यह भी कहा है कि देश में लोकतंत्र की बहाली की दिशा में पहला कदम मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा होना चाहिए।

X Post

दिल्ली में यूथ कांग्रेस का मार्च

दिल्ली में यूथ कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर रोड की ओर बढ़ गए।

यूपी में भी सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता

उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। उन्नाव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। वहीं, मुरादाबाद में प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SIR और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

X Post

जयपुर में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया

राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद स्मारक से चुनाव आयोग के प्रदेश कार्यालय का घेराव करने के लिए निकले। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। मौके पर वाटर कैनन भी तैनात की गईं। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पानी की बौछार की गई। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति भी बनी।

महाराष्ट्र के कई शहरों में कांग्रेस का प्रदर्शन

महाराष्ट्र में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। नासिक और पुणे में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। कोल्हापुर में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। आंदोलन में सांसद शाहू महाराज और सतेज पाटील के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

Breaking News

जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता जेपी नड्डा ने पार्टी पर निशाना साधा। नड्डा ने X पर कहा कि कांग्रेस और INDI गठबंधन देश की प्रगति से निराश है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि ये आरोप बार-बार तथ्यों की कसौटी पर खारिज हुए हैं। नड्डा ने आगे कहा कि जब विपक्ष के पास न नीति होती है और न विजन, तब वह भ्रम और अराजकता फैलाने का सहारा लेता है। उन्होंने राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने कांग्रेस के आरोपों पर तथ्य स्पष्ट किए हैं। नड्डा के मुताबिक, बार-बार किसी बात को दोहराने से वह सच नहीं बन जाती। इस तरह SIR, मतदाता सूची और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

X Post
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts