खंडवा के रोशनी गांव में जनसमस्या शिविर, 886 आवेदनों का मौके पर निराकरण

हरसूद। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को खालवा विकासखंड के ग्राम रोशनी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं और सरकारी योजनाओं से जुड़े कुल 886 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

कार्यक्रम में प्रमुख राजस्व आयुक्त निधि निवेदिता ने स्वामित्व योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में प्लॉटों की रजिस्ट्री के लिए अब तक 23 हजार 738 पंजीयन किए जा चुके हैं। वहीं 114 गांवों में लगभग 3 हजार पंजीयन पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि योजना के तहत ग्रामीणों को उनकी संपत्ति के अधिकार से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन दस्तावेजों से उन्हें मकान निर्माण और बैंक से ऋण लेने जैसी जरूरतों में सुविधा मिलेगी।
मॉडल ग्राम पंचायत बनाने पर जोर
प्रमुख राजस्व आयुक्त ने खालवा विकासखंड की कुछ ग्राम पंचायतों को मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियों को एक-दूसरे से जोड़कर बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। इसके लिए मत्स्य पालन, पोषण वाटिका, आंगनवाड़ी केंद्रों की पोषण सेवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को एकीकृत रूप से संचालित करने की जरूरत बताई। उन्होंने मत्स्य पालक समूहों और आंगनवाड़ी केंद्रों के बीच समन्वय बनाने के साथ पोषण जागरूकता कार्यक्रमों में मत्स्य पालकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
किसानों को कम पानी वाली फसलें लगाने की सलाह
शिविर में कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि जिले में कम बारिश होने के कारण आगामी रबी सीजन में सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता चुनौती बन सकती है। ऐसे में किसानों को फसल चयन में सावधानी बरतनी होगी। उन्होंने कम पानी में तैयार होने वाली फसलों को प्राथमिकता देने की अपील की, ताकि उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।

कलेक्टर ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। इसके अलावा ग्रामीणों से स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी विशेष जोर दिया।
हितग्राहियों को सौंपे प्रमाण पत्र
शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत सृष्टि, ध्रुवी, आफिया और प्रिया को प्रमाण पत्र दिए गए। वहीं जमीला बी और कुसुम राठौर को पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक हितग्राही को पौष्टिक आहार किट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ ऐश्वर्य वर्मा, हरसूद एसडीएम आरसी खेतड़िया, जिला पंचायत सदस्य प्रमिला सिलाले, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सतीबाई, ग्राम पंचायत सरपंच संतोष पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




















