छपारा में तेज रफ्तार ट्रॉले ने मोपेड को मारी टक्कर, बुजुर्ग दंपति की मौके पर मौत; चालक गिरफ्तार

छपारा। हादसा दोपहर करीब एक बजे छपारा नगर से आठ किलोमीटर दूर हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर बरगी क्षेत्र में उसे पकड़ लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पीछे से ट्रॉले ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, छपारा नगर के लालमाटी निवासी अनखलाल यादव (70) अपनी पत्नी अनूपा यादव (64) के साथ मिनी मोपेड से ग्राम देवरी के डहारिया गांव जा रहे थे। इसी दौरान बंजारी माता मंदिर के पीछे पुलिया पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रॉले ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: राजगढ़ के खिलचीपुर में कार्बाइड गन पर पुलिस की कार्रवाई, 3 दुकानदारों पर केस दर्ज; 42 सामग्री और 4 गन बरामद
मौके पर पहुंची पुलिस और एफआरवी-112
दुर्घटना की सूचना मिलते ही छपारा पुलिस के साथ छपारा और लखनादौन की एफआरवी-112 टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई के बाद दोनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा की मर्चुरी पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
वाहन लेकर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। इसके बाद छपारा पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और पीछा करते हुए बरगी क्षेत्र में ट्रॉले को चालक सहित पकड़ लिया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एक साथ दो मौतों से परिवार में मातम
बुजुर्ग दंपति की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिवार के दो वरिष्ठ सदस्यों को एक साथ खोने से पूरे परिवार में शोक व्याप्त है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
छपारा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हुए इस हादसे में बुजुर्ग दंपति की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।




















