सीहोर में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग से दहशत, रंगोली बना रही महिला के गले से डेढ़ तोले की चेन झपटकर फरार

सीहोर। शहर में चेन स्नेचिंग करने वाले बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घर की चौखट पर खड़ी महिलाएं भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। दोपहर के समय इंग्लिशपुरा क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चेन स्नेचिंग की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और बदमाशों के बेखौफ आतंक पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घर के बाहर रंगोली बना रही महिला को निशाना बनाकर बाइक सवार दो बदमाश करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। बदमाशों ने पहले बातचीत के बहाने महिला को उलझाया और फिर पलक झपकते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
रंगोली बना रही महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुरा निवासी भास्कर गौर की पत्नी मोना गौर दोपहर करीब 3.45 बजे अपने घर के बाहर रंगोली बना रही थीं। इसी दौरान केटीएम बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक चालक ने हेलमेट पहनकर चेहरा छिपा रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था। दोनों बदमाशों ने महिला से पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। अचानक पहुंचे युवकों की गतिविधियों पर महिला को कोई संदेह नहीं हुआ।
बातों में उलझाया, झपट्टा मारकर चेन ले उड़े
बदमाशों ने बातचीत के जरिए महिला का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही पीछे बैठे युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। वारदात इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने और बदमाशों को रोकने तक का मौका नहीं मिला। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के रहवासी घरों से बाहर निकले और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पहले ही बाइक पर सवार होकर भाग निकले।
भोपाल नाके की ओर भागे बदमाश, सीसीटीवी में कैद
वारदात के बाद दोनों आरोपी भोपाल नाके की ओर फरार हो गए। पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस को घटना की शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध बाइक सवार दोनों युवक भोपाल नाके की तरफ जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस अब उनकी पहचान करने और संभावित रास्तों पर तलाश करने में जुटी है।
दिनदहाड़े वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
रिहाइशी इलाके में दोपहर के समय हुई इस वारदात ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। जिस तरह बदमाशों ने पहले पता पूछने का बहाना बनाया और फिर महिला की चेन झपटकर फरार हो गए, उससे उनकी सुनियोजित तरीके से वारदात करने की आशंका सामने आती है। घर के बाहर सामान्य काम कर रही महिला को निशाना बनाया जाना शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है।




















