Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भिण्ड में ट्रैक्टर के कृषि यंत्र से टकराकर पलटा ऑटो, चालक की मौत, 7 घायल; परिजनों ने दो जगह लगाया जाम

गोहद-मौ रोड पर ट्रैक्टर के बाहर निकले कृषि यंत्र से ऑटो टकराकर पलट गया। हादसे में चालक की मौत और 7 लोग घायल हुए। परिजनों ने चक्काजाम किया।
फोटो गोहद-बसस्टैंड के चक्काजाम भीड

भिण्ड। गोहद की सड़कों पर ओवरलोड ऑटो और ट्रैक्टरों के पीछे बाहर निकले कृषि यंत्र लोगों की जान के लिए खतरा बन रहे हैं। रविवार शाम गोहद-मौ रोड पर माधोगढ़ तिराहे के पास ट्रैक्टर के पीछे लगे हर-बखर और पटेला ऑटो से टकरा गए।

टक्कर से ऑटो पलट गया और चालक कमल किशोर माहौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दो जगह चक्काजाम किया।

हादसा रविवार शाम करीब 7 बजे खडेर गांव के पास हुआ। ऑटो गोहद से सवारियां लेकर सिलुहां जा रहा था। इसी दौरान चितौरा की ओर से आ रहे महिंद्रा अर्जुन 605 ट्रैक्टर के पीछे लगे हर-बखर और पटेला वाहन से बाहर निकले हुए थे। तेज रफ्तार में ट्रैक्टर के चलने से कृषि यंत्र हिलते हुए ऑटो से टकरा गए। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में कुलदीप माहौर (12), अर्जुन माहौर (10), सुमन माहौर, जानवी माहौर (9), यश माहौर, केशव माहौर (28) और विष्णु बंजारा घायल हुए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

 पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने दो जगह लगाया जाम

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पहले गोहद के नया बस स्टैंड पर जाम लगाया। पुलिस की समझाइश पर करीब 15 मिनट बाद जाम खोल दिया गया, लेकिन इसके बाद परिजनों ने मौ थाना क्षेत्र की झांकरी चौकी के पास मकाटा गांव में दोबारा जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। प्रशासनिक अधिकारियों के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम खोला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

तीन सवारियों का परमिट, ऑटो में बैठा रहे 6 से 10 यात्री

गोहद क्षेत्र में ऑटो की ओवरलोडिंग भी बड़ा सवाल है। ऑटो में तीन सवारियों की क्षमता का परमिट होने के बावजूद कई चालक छह से दस तक सवारियां बैठाकर वाहन दौड़ा रहे हैं। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने से हादसे की स्थिति में यात्रियों की जान जोखिम में रहती है, लेकिन सड़कों पर ऐसे ऑटो के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती।

भिंड में जेल से फरार पॉक्सो आरोपी 5 महीने बाद गिरफ्तार, मंदिर के पास छिपा था, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

ट्रैक्टरों पर तेज आवाज वाले साउंड, कृषि यंत्र भी बन रहे खतरा

मुख्य मार्गों पर ट्रैक्टरों पर बड़े-बड़े साउंड सिस्टम लगाकर तेज आवाज के साथ वाहन दौड़ाए जा रहे हैं। वहीं ट्रैक्टरों के पीछे लगे हर-बखर, पटेला और अन्य भारी कृषि यंत्र वाहन की चौड़ाई से बाहर निकले रहते हैं। तेज रफ्तार में इनसे दूसरे वाहनों को टक्कर लगने का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद प्रशासन की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

चादर बदल रही थी महिला, अचानक धंसा फर्श! पलंग समेत 16 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी महिला

परिवहन अधिकारी बोले- ओवरलोड सवारी के लिए चालक जिम्मेदार

इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी आरके सोनी से फोन पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि वाहन में सवारी बैठाने की क्षमता का उल्लेख उसके रजिस्ट्रेशन में होता है। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर चालक स्वयं जिम्मेदार है। सभी के लिए अलग-अलग नियम बने हुए हैं। हालांकि, ओवरलोड ऑटो और असुरक्षित तरीके से कृषि यंत्र लेकर चलने वाले ट्रैक्टरों पर विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

Asgar Khan
By Asgar Khan

Latest Posts