छिंदवाड़ा में फिर शेर की दहशत, किसान के बछड़े को बनाया निवाला

छिंदवाड़ा जिले की सौंसर तहसील के लोधीखेड़ा क्षेत्र में एक बार फिर शेर की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल है। बीती रात एक किसान के खेत में बंधे करीब 8 महीने के बछड़े पर शेर ने हमला कर दिया। हमले में बछड़े की मौत हो गई। सुबह खेत में उसका क्षत-विक्षत शव मिला। आसपास पंजों के निशान भी देखे गए हैं।
रात में खेत में घुसकर बछड़े पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, लोधीखेड़ा निवासी किसान रूपचंद परतेती के खेत में रात के समय गाय का बछड़ा बंधा हुआ था। इसी दौरान शेर ने उस पर हमला कर दिया और उसे मार डाला। सुबह जब किसान खेत पहुंचे तो बछड़े का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। आसपास शेर के पंजों के निशान भी दिखाई दिए। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पहले भी किसान के खेत में दिखा था शेर
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में लगातार शेर की मूवमेंट देखी जा रही है। इससे किसानों में डर बना हुआ है और वे रात के समय खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी किसान रूपचंद परतेती के खेत में शेर ने हमला किया था। लगातार हो रही गतिविधियों से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से की कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने, ट्रैप कैमरे लगाने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े नुकसान को रोका जा सके। घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। वहीं, प्रशासन ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि रात में अकेले खेतों में न जाएं, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और जंगली जानवर दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।




















