Jammu-Kashmir Earthquake : भूकंप के झटकों से कांपा कारगिल और लद्दाख, आफ्टर शॉक ने डराया; जानें कितनी रही तीव्रता

जम्मू-कश्मीर। जम्मू कश्मीर के कारगिल और लद्दाख में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। दोपहर लगभग 3 बजकर 48 मिनट पर भूकंप आया। भूकंप का केंद्र करगिल में 10 किलोमीटर जमीन के नीचे था। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इस बात की जानकारी दी है। किसी के हताहत होने या क्षति की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं है।
कुछ मिनटों के अंदर आफ्टर शॉक ने डराया
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए। 4 बजकर एक मिनट पर लद्दाख (Ladakh) में आए इस भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई। 4 बजकर एक मिनट पर ही जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के किश्तवार में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.8 मापी गई, फिर 4 बजकर 18 मिनट पर किश्तवार में ही एक और भूकंप के झटके लगे। इसकी तीव्रता 3.6 थी, वहीं इससे पहले 11 बजकर 38 मिनट पर पाकिस्तान में 4.0 की तीव्रता के भूकंप आए।
आखिर क्यों आते हैं भूकंप ?
भूकंप आने के पीछे की वजह पृथ्वी के भीतर मौजूद प्लेटों का आपस में टकराना है। हमारी पृथ्वी के अंदर सात प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती हैं। जब ये आपस में टकराती हैं, तब फॉल्ट लाइन जोन बन जाता है। जिसकी वजह से सतह के कोने मुड़ जाते हैं और वहां दबाव बनने लगता है। ऐसी स्थिति में प्लेट के टूटने के बाद ऊर्जा पैदा होती है, जो बाहर निकलने के लिए रास्ता ढूंढती है। जिसकी वजह से धरती हिलने लगती है।





















