Philippines Earthquake : भूकंप के जोरदार झटकों से कांपा फिलीपींस, 6.7 रही तीव्रता; मॉल की गिरी छत... 6 लोगों की मौत

मनीला। दक्षिणी फिलीपींस में शुक्रवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। 6.7 तीव्रता के आए भूकंप के झटकों से काफी नुकसान हुआ है। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि, मॉल की छतें गिर गईं। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक भूकंप का क्रेंद फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में स्थित बुरियास से 26 किलोमीटर दूर था। भूकंप का केंद्र धरती के 78 किलोमीटर नीचे था। हालांकि, सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई।
मॉल की छतें गिरीं
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए भूकंप के वीडियो में दो बड़े मॉल की छतें गिरती हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान मॉल के खंभे हिल रहे थे और लोग सहमे हुए से नजर आ रहे थे। SM सिटी जनरल सैंटोस मॉल और रॉबिन्सन जेनसन मॉल को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की गई है। देखें वीडियो...
दीवार गिरने से पति-पत्नी की मौत
जानकारी के मुताबिक, दक्षिण कोटाबेटो प्रांत में जनरल सैंटोस सिटी के आपदा कार्यालय प्रमुख एग्रीपिनो डेसेरा ने बताया कि, वहां तीन लोगों की मौत हुई है। कंक्रीट की दीवार गिरने से एक आदमी और उसकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला की शॉपिंग मॉल में मौत हो गई। वहीं सारंगानी प्रांत में भूकंप के केंद्र के पास कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और भूस्खलन के बाद लापता दो अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इसके अलावा दावाओ ऑक्सिडेंटल प्रांत में चट्टान से कुचल जाने के एक 78 वर्षीय व्यक्ति की बाद मौत हो गई।आखिर क्यों आते हैं भूकंप ?
भूकंप आने के पीछे की वजह पृथ्वी के भीतर मौजूद प्लेटों का आपस में टकराना है। हमारी पृथ्वी के अंदर सात प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती हैं। जब ये आपस में टकराती हैं, तब फॉल्ट लाइन जोन बन जाता है। जिसकी वजह से सतह के कोने मुड़ जाते हैं और वहां दबाव बनने लगता है। ऐसी स्थिति में प्लेट के टूटने के बाद ऊर्जा पैदा होती है, जो बाहर निकलने के लिए रास्ता ढूंढती है। जिसकी वजह से धरती हिलने लगती है।











