जबलपुर में नर्मदा तट पर जगमगाए 51 हजार दीप, गौरीघाट पर भव्य दीपोत्सव, लेजर शो और आतिशबाजी से निखरी दिवाली की पूर्व संध्या

जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर रविवार की शाम रोशनी से नहा उठी। दीपावली की पूर्व संध्या पर गौरीघाट में 51 हजार दीपों से भव्य दीपोत्सव मनाया गया। मां नर्मदा के तट पर हजारों लोगों ने दीप जलाकर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम रचा। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, संत-महात्मा, विधायक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मां नर्मदा के तट पर सजी रोशनी की लड़ी
शंख ध्वनि के साथ दीपोत्सव की शुरुआत हुई। साधु-संतों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गौरीघाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। हर व्यक्ति ने नर्मदा तट पर दीप जलाकर मां नर्मदा से आशीर्वाद मांगा। इसके बाद मां नर्मदा अष्टक और महाआरती का आयोजन हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति से भर दिया।
![]()
मंत्री राकेश सिंह बोले- सरयू की तर्ज पर विकसित होंगे नर्मदा घाट
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा, 'मां नर्मदा हमारी आस्था का केंद्र ही नहीं, जीवनदायिनी भी हैं। सरकार ने तय किया है कि नर्मदा के घाटों को सरयू की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।' उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस योजना की घोषणा की है और अगले एक सप्ताह में इसका प्रारूप जनता के सामने रखा जाएगा। राकेश सिंह ने कहा कि अगले दो साल में नर्मदा तट सुंदर घाट के रूप में विकसित होगा, जहां आने वाले वर्षों में और भी भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा।
आकर्षक लेजर शो और आतिशबाजी ने मोहा मन
दीपोत्सव के दौरान सनातनी थीम पर 15 मिनट का लेजर शो प्रस्तुत किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और गगनचुंबी आतिशबाजी से पूरा घाट रोशनी में नहा गया। लोगों ने जय नर्मदे के जयकारों के बीच इस दृश्य का आनंद लिया।
साधु-संतों का आशीर्वाद और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में जगतगुरु स्वामी डॉ. नरसिंह देवाचार्य, स्वामी बाल गोविंदाचार्य, स्वामी गिरीशानंद, स्वामी मुकुंददास महाराज, साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी, स्वामी अशोकानंद महाराज समेत कई संत उपस्थित रहे। वहीं, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिपं अध्यक्ष आशा गोंटिया और नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अगले चार महीने में शुरू होगा घाटों का विकास कार्य
मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि जिलहरी घाट से खारी घाट तक सभी घाटों के उन्नयन का कार्य अगले चार महीने में शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के आशीर्वाद से जबलपुर के घाटों को देशभर में एक आदर्श स्वरूप दिया जाएगा।












