इंदौर में सर्दी की दस्तक! रात का पारा 4 डिग्री ज्यादा, लेकिन हवाओं में घुलने लगी ठंडक

इंदौर। मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। आंध्रप्रदेश और ओडिशा में तबाही मचा रहे अर्नब तूफान के प्रभाव के चलते इंदौर में भी बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। शहर में सुबह से रात तक आसमान में बादल छाए रहने से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि रात का पारा सामान्य से ऊपर बना रहा। हालांकि, सूरज ढलते ही हवाओं में ठंडक महसूस होने लगी है। सुबह के समय भी ठंडी हवाएं लोगों को मौसम में बदलाव का अहसास करा रही हैं।
संबंधित खबर: Weather Today 30 October : यूपी-बिहार समेत 16 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, 80 kmph तक चलेगी हवा
दिन में गिरा तापमान, रात में बढ़ी गर्मी
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, इंदौर में दिन का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। इसके विपरीत, रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक था। इस तरह बादलों के कारण दिन में तापमान नीचे आया, लेकिन रात में अपेक्षित ठंडक नहीं बढ़ सकी।
संबंधित खबर: साइक्लोन अर्नव का कहर! दिल्ली से बिहार तक मची तबाही, 12 राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट
28 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवाएं
मौसम में बदलाव के दौरान शहर में पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिशा से हवाएं चलीं। इनकी अधिकतम रफ्तार 28 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंच गई। बादलों और हवाओं के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दिन में बादलों के कारण धूप का असर कम रहा, जबकि शाम होते ही हवाओं में ठंडक महसूस होने लगी।
अगले एक-दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले एक-दो दिन तक इंदौर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। बादलों की मौजूदगी के कारण दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिल सकता है। हालांकि, मौसम साफ होने पर दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।
संबंधित खबर: छत्तीसगढ़ में तूफान का बड़ा असर, 5 जिलों में रेड अलर्ट,रायपुर समेत कई जिलों में बारिश, स्कूल बंद
मौसम साफ हुआ तो बढ़ेगी ठंडक
फिलहाल रात का तापमान सामान्य से अधिक होने के बावजूद सुबह और शाम की हवाओं में ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम साफ होने के बाद तापमान में और गिरावट आने पर ठंड का असर बढ़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में इंदौरवासियों को सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अधिक अहसास होने की संभावना है।




















