नागपुर में निर्माणाधीन इमारत पर क्रेन गिरने से दो मजदूरों की मौत, दो घायल; सुरक्षा मानकों की जांच शुरू

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में शुक्रवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत पर क्रेन का करीब 100 फीट ऊंचा हिस्सा टूटकर गिर गया। गणेशपेठ इलाके में हुए इस हादसे में क्रेन ऑपरेटर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे उस समय हुआ, जब क्रेन को डिसमेंटल किया जा रहा था। घायल मजदूरों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
क्रेन खोलते समय हुआ हादसा, ऊपरी हिस्सा टूटकर गिरा
जानकारी के मुताबिक गणेशपेठ इलाके में महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) की एक निर्माणाधीन इमारत पर काम चल रहा था। शुक्रवार सुबह साइट पर क्रेन को खोलने यानी डिसमेंटल करने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन का करीब 100 फीट ऊंचा ऊपरी हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त मौके पर क्रेन ऑपरेटर और तीन मजदूर काम कर रहे थे। दुर्घटना में क्रेन ऑपरेटर और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए।
भंडारा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे मृतक
पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भंडारा जिले के विश्वनाथ काठाने और उत्तर प्रदेश के मुकेश निषाद के रूप में हुई है। वहीं, घायल दोनों मजदूर झारखंड के रहने वाले हैं। उन्हें इलाज के लिए ओरियन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
तकनीकी खराबी या मानवीय चूक
डीसीपी राहुल मदने के अनुसार पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा क्रेन में तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे मानवीय चूक थी। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्रेन को डिसमेंटल करते समय सुरक्षा के जरूरी नियमों और प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस ने दुर्घटना से हुई मौत यानी एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया है। एक सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जोशीमठ हेलिकॉप्टर हादसा: बदरीनाथ दर्शन करके लौट रहा चमोली हेलिकॉप्टर लापता, छह लोग थे सवार
MHADA और निर्माण कंपनी के इंजीनियरों से होगी पूछताछ
यह निर्माण कार्य MHADA के तहत विजय कंपनी से जुड़े एक ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा था। पुलिस अब सरकारी पर्यवेक्षक इंजीनियरों, MHADA के इंजीनियरों और निर्माण कंपनी के पर्यवेक्षक इंजीनियरों से जानकारी जुटाएगी। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि क्रेन को खोलने के दौरान जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए थे या नहीं और काम की निगरानी किस तरह की जा रही थी। डीसीपी ने बताया कि घटनास्थल पर कोई CCTV फुटेज उपलब्ध नहीं है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।




















