पचमढ़ी के आर्मी ट्रेनिंग सेंटर में घुसा गौर, सींगों से जवान पर किया हमला; अस्पताल में मौत

सोहागपुर/पचमढ़ी। मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में वन्यजीव गौर (इंडियन बायसन) के हमले में सेना के एक जवान की मौत हो गई। घटना गुरुवार 29 अक्टूबर की शाम सतपुड़ा टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आर्मी एजुकेशन कोर (AEC) ट्रेनिंग कॉलेज एवं सेंटर के परेड ग्राउंड में हुई। मृतक जवान की पहचान 26 वर्षीय आकाश चौहान के रूप में हुई है। वे उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र के रहने वाले थे।
सीढ़ियों पर बैठे जवान पर अचानक किया हमला
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम परेड ग्राउंड में जवान फुटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान दो जवान मैदान के किनारे बनी सीढ़ियों पर बैठ गए। तभी अचानक एक गौर दौड़ता हुआ वहां पहुंचा और सीढ़ियों पर बैठे आकाश चौहान पर अपने सींगों से हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि जवान को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गौर के हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिलिट्री अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद साथी जवान आकाश चौहान को छावनी परिसर स्थित मिलिट्री अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की असामयिक मौत से सैन्य परिसर में शोक का माहौल है।
वन विभाग ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का क्षेत्रीय अमला मौके पर पहुंचा। रिजर्व के जनसंपर्क अधिकारी एवं सहायक संचालक आशीष खोबरागड़े के मुताबिक, वन विभाग की टीम घटनास्थल की जानकारी जुटा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
वन्यजीव और इंसान के बीच टकराव का मामला
पचमढ़ी सतपुड़ा के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव आवास के लिए जाना जाता है। ऐसे में सैन्य प्रशिक्षण संस्थान के परेड ग्राउंड में गौर का पहुंचना और जवान पर हमला करना गंभीर घटना है। हालांकि, गौर मैदान तक कैसे पहुंचा और हमले की परिस्थितियां क्या थीं, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




















