Air India Flights Cancelled : सऊदी अरब की उड़ानें 14 नवंबर तक रद्द, जेद्दा-रियाद और दम्माम जाने वाले यात्रियों को राहत

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के तीन शहरों के लिए अपनी उड़ानें 14 नवंबर तक रद्द कर दी हैं। इनमें जेद्दा, रियाद और दम्माम शामिल हैं। इससे पहले रियाद और दम्माम की उड़ानों पर रोक 7 नवंबर तक और जेद्दा की उड़ानों पर 31 अक्टूबर तक लगाई गई थी। एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को टिकट की मुफ्त री-बुकिंग या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है। एअर इंडिया ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए जेद्दा, रियाद और दम्माम आने-जाने वाली एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 14 नवंबर तक बंद रहेंगी। इसमें 14 नवंबर का दिन भी शामिल है।
पश्चिम एशिया में तनाव के चलते लिया फैसला
पश्चिम एशिया में पिछले कुछ दिनों से भू-राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। सऊदी अरब में हवाई अड्डों समेत कई बुनियादी सुविधाओं पर हमले हुए हैं। ऐसे हालात में यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस ने उड़ानें रद्द रखने का फैसला किया है। इससे पहले भी एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सुरक्षा स्थिति को देखते हुए सऊदी अरब के इन शहरों के लिए उड़ानों पर रोक बढ़ाई थी। अब इस अवधि को एक बार फिर बढ़ाकर 14 नवंबर कर दिया गया है।
प्रभावित यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड या मुफ्त री-बुकिंग का विकल्प
उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए एयरलाइंस ने दो विकल्प दिए हैं।
- मुफ्त री-बुकिंग: जिन यात्रियों के टिकट 30 अक्टूबर या उससे पहले जारी हुए हैं और जिनकी यात्रा 14 नवंबर तक निर्धारित थी, वे एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट री-बुक करा सकते हैं। यह सुविधा सीट उपलब्ध होने पर मिलेगी। नई यात्रा 29 नवंबर तक की तारीखों के लिए बुक की जा सकेगी।
- पूरा रिफंड: जो यात्री अपनी यात्रा रद्द करना चाहते हैं, उन्हें टिकट का पूरा पैसा वापस मिलेगा।
एअर इंडिया और एक्सप्रेस की री-बुकिंग के नियम अलग
दोनों एयरलाइंस ने री-बुकिंग के लिए अलग-अलग सुविधाएं तय की हैं।
- एअर इंडिया: यात्री सऊदी अरब में एअर इंडिया के किसी भी चालू स्टेशन के लिए या वहां से अपनी यात्रा री-बुक करा सकते हैं।
- एअर इंडिया एक्सप्रेस: इसके यात्री सऊदी अरब या बहरीन में एअर इंडिया एक्सप्रेस के किसी भी चालू स्टेशन के लिए या वहां से टिकट री-बुक करा सकते हैं।
INS विक्रांत पर पहली ही कोशिश में उतरा राफेल मरीन, भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ाने की तैयारी तेज
इंडिगो और आकासा एयर ने भी रद्द कीं उड़ानें
सऊदी अरब में सुरक्षा हालात को देखते हुए दूसरी भारतीय एयरलाइंस ने भी अपनी सेवाओं पर रोक लगाई है।
- इंडिगो: जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 14 नवंबर तक रद्द की गई हैं।
- आकासा एयर: रियाद से जुड़ी उड़ानें 30 नवंबर तक और जेद्दा की उड़ानें 10 नवंबर तक बंद रखी गई हैं।
इस तरह पश्चिम एशिया में तनाव का असर भारत से सऊदी अरब जाने वाले हवाई यात्रियों पर पड़ रहा है। यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति और री-बुकिंग या रिफंड के नियमों की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।



















