साइक्लोन अर्नव का कहर! दिल्ली से बिहार तक मची तबाही, 12 राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट

नई दिल्ली। अक्टूबर के आखिरी दिनों में देश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। कहीं लगातार बारिश हो रही है तो कहीं तेज हवाओं और गरज-चमक ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। चक्रवाती तूफान अर्नब के कमजोर होने के बाद भी उसका बचा हुआ असर कई इलाकों में दिखाई दे रहा है। इसके साथ पश्चिमी विक्षोभ ने भी मौसम में बदलाव किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है और मैदानी क्षेत्रों में तापमान गिरने लगा है।
दिल्ली-NCR में बारिश से बढ़ी ठंड, ओले गिरने का भी खतरा
दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार से ही बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह भी कई जगह बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। लगातार बदलते मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ इलाकों में ओले गिरने की आशंका जताई है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
‘लोकतंत्र बचाने के लिए साथ चलें’, राहुल गांधी ने ‘चलो दिल्ली’ मार्च के लिए मांगा समर्थन
उत्तर प्रदेश के 49 जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार
उत्तर प्रदेश में भी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जिलों में रातभर बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 49 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इनमें गोरखपुर, मेरठ और नोएडा समेत कई इलाके शामिल हैं। कुछ जिलों में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि छह जिलों में तेज हवाओं और बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंचने की चिंता भी बढ़ गई है।
बिहार में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट
बिहार में भी मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है। खासकर उत्तरी बिहार के जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। कई जगह तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और गरज-चमक वाला मौसम बन सकता है। मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। लोगों को नदी, खुले मैदान और कमजोर मकानों के आसपास सावधानी रखने की जरूरत है।
मध्य प्रदेश में इन इलाकों पर ज्यादा खतरा
मध्य प्रदेश के मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा रीवा, शहडोल, अनूपपुर, मंडला और डिंडोरी समेत कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। अचानक तेज बारिश से सड़क यातायात और खेती पर असर पड़ सकता है।
राजस्थान में बदलेगा मौसम, तापमान में आएगी गिरावट
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदलने लगा है। जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
उत्तराखंड में बर्फबारी, पहाड़ों पर बढ़ी ठिठुरन
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब जैसे क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर दिखाई दे रही है। 30 और 31 अक्टूबर को भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।
दिल्ली कांग्रेस महारैली की तैयारी तेज, गोहद से 500 से अधिक कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। आंधी और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए। अपने जिले का ताजा मौसम अपडेट IMD की आधिकारिक वेबसाइट से जरूर जांचें।



















