PlayBreaking News

इंदौर :वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं की पिटाई, कलेक्टर वर्मा के निर्देश पर आश्रम सील, संचालिका पर एफआईआर के निर्देश

इंदौर के एक अवैध वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं की नाबालिग से पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में आश्रम अवैध पाया गया, जिसके बाद उसे सील कर संचालिका पर एफआईआर के निर्देश दिए गए हैं। आश्रम में रह रहे 30 बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया, जबकि नाबालिग को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर उसकी काउंसलिंग शुरू कर दी गई है।  
Follow on Google News
वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं की पिटाई, कलेक्टर वर्मा के निर्देश पर आश्रम सील, संचालिका पर एफआईआर के निर्देश
इंदौर वृद्धाश्रम

इंदौर। एक वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि एक लड़का, जिसकी उम्र 14 साल बताई जा रही है, वह डंडे से महिलाओं को पीट रहा है। मामला मरीमाता पानी की टंकी के पास महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसाइटी के वृद्धाश्रम का है। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर भेजा। जांच के बाद पाया गया कि आश्रम अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। पर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर वृद्धाश्रम को सील कर दिया गया। साथ ही आश्रम संचालकों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं वृद्ध महिलाओं की पिटाई करने वाले बच्चे को महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर काउंसलिंग शुरू कर दी है। 

नाबालिग को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया

कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि उनके निर्देश पर एसडीएम मल्हारगंज, सामाजिक न्याय एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त दल को मौके पर भेजा गया। दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वृद्धजनों को मान्यता प्राप्त वृद्धाश्रमों-गणेश आश्रम, निराश्रित सेवाश्रम और आशा निलय-में सुरक्षित स्थानांतरित कराया। वहीं नाबालिग को आवश्यक संरक्षण एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

आश्रम संचालिका पर होगी एफआईआर

प्राथमिक जांच में संबंधित प्रेमाश्रय वृद्ध आश्रम, बाणगंगा का संचालन अवैध रूप से पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने आश्रम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आश्रम की संचालिका के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नगर निगम के भवन में, जो शासकीय भूमि पर निर्मित है, आश्रम का संचालन किस आदेश के तहत किया जा रहा था।

Featured News

30 बुजुर्गों को किया गया शिफ्ट

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वृद्धजनों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम में रह रहे 30 बुजुर्गों में से स्वस्थ लोगों को गांधी नगर स्थित निराश्रित आश्रम और गणेश वृद्धाश्रम में भेजा गया है, जबकि बीमार बुजुर्गों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।

माता-पिता नहीं, मुंबई से बुलाई गई बहन

महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने बच्चे से पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार लड़के की मानसिक स्थिति सामान्य है। अभी उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लड़का करीब पांच महीने पहले अपनी मां के साथ वृद्धाश्रम आया था। उसकी मां झुलस गई थी और कुछ दिनों बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद से वह आश्रम में ही रह रहा था। उसकी बड़ी बहन मुंबई में रहती है, जिसे इंदौर बुलाया गया है।

ये भी पढ़ें: ताप्ती नदी उफान पर लालदेव मंदिर डूबा : बुरहानपुर में 24 घंटे में लगभग 7 इंच बारिश; गांवों के कई मार्ग बंद, जैनाबाद पुल तक पहुंचा नदी का पानी

चाइल्ड केयर संस्था को सौंपा जाएगा लड़का

एसडीएम निधि वर्मा ने बताया कि बुधवार को लड़के का एक बुजुर्ग महिला से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने महिला को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में वह बीच-बचाव करने वालों के साथ भी हाथापाई करता दिखाई दे रहा है। एसीपी के अनुसार बच्चे की काउंसलिंग कराई जाएगी और उसे वृद्धाश्रम से हटाकर नाबालिग बच्चों की देखरेख करने वाली संस्था में भेजा जाएगा।

संचालिका बोलीं- मुझसे गलती हो गई

वृद्धाश्रम की संचालिका नीलम दुबे ने बताया कि घटना उस समय की है जब वह गुरु पूजन के लिए बाहर गई थीं। उन्होंने कहा कि सभी बुजुर्गों को भोजन कराने के बाद उनके कमरों में भेज दिया गया था। वापस आने पर पता चला कि बच्चे ने एक बुजुर्ग महिला को डंडे से मारा है। पूछने पर लड़के ने बताया कि महिला ने उसके सिर पर टब मार दिया था, जिसके बाद उसने गुस्से में डंडा चला दिया। संचालिका ने कहा कि वह बच्चे को थाने भी लेकर गई थीं। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ गलतियां हुई हैं और अब प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है।

आश्रम की जमीन और पंजीयन भी जांच के घेरे में

सूत्रों के अनुसार आश्रम जिस जमीन पर संचालित हो रहा था, वह शासकीय भूमि है और उस पर कब्जा कर आश्रम बनाया गया है। प्रशासन जमीन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रहा है। मामले में पूर्व पार्षद एवं एमआईसी सदस्य संतोष गौर का नाम भी सामने आ रहा है। सामाजिक न्याय विभाग के अनुसार आश्रम का पंजीयन फर्म एवं सोसायटी के रूप में है, लेकिन वृद्धाश्रम संचालित करने के लिए विभाग को अनिवार्य रूप से सूचना देना आवश्यक होता है, जो संचालकों द्वारा नहीं दी गई। इस पूरे मामले की भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: MP में घर बनाना हुआ आसान! अब कई NOC से मिली राहत, बिल्डिंग परमिशन की पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन

30 वृद्धजनों को दूसरे आश्रम में शिफ्ट किया

मामला संज्ञान में आने के बाद तत्काल कार्रवाई की है, 30 वृद्धजनों को अन्य आश्रम में शिफ्ट किया है, संचालिका पर अपराधीक प्रकरण निर्देश दिए  है, पूरे मामले की गहता के साथ सभी पहलूओं पर जांच की जा रही है।

शिवम वर्मा, कलेक्टर

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts