Aakash Waghmare
2 Feb 2026
Aakash Waghmare
2 Feb 2026
अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के लिए 21 वर्षीय भारतीय युवक जसनप्रीत सिंह को जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस के अनुसार, जसनप्रीत नशे की हालत में ट्रक चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हादसा सैन बर्नार्डिनो काउंटी फ्रीवे पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, जसनप्रीत का सेमी-ट्रक धीमी गति से चल रही गाड़ियों से टकरा गया। ट्रक के डैशकैम फुटेज में देखा गया कि वह एक SUV से तेज रफ्तार में जा टकराया। इस टक्कर में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और कई लोग घायल हुए।
पुलिस जांच में पता चला कि जसनप्रीत ने ब्रेक तक नहीं लगाए और वह ड्रग्स के नशे में था। कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल अधिकारी रोड्रिगो जिमेनेज ने बताया कि जसनप्रीत को अस्पताल ले जाकर मेडिकल जांच की गई, जिसमें नशे की पुष्टि हुई।
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के अनुसार, जसनप्रीत सिंह के पास अमेरिका में रहने का वैध इमिग्रेशन स्टेटस नहीं था। वह 2022 में दक्षिणी सीमा पार कर अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ था। उसे उस समय ‘नजरबंदी के विकल्प (Alternative to Detention)’ नीति के तहत देश के भीतर छोड़ा गया था। अब गिरफ्तारी के बाद यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने उसके खिलाफ इमिग्रेशन डिटेनर जारी कर दिया है।
यह पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय प्रवासी ने अमेरिका में ऐसा हादसा किया हो। अगस्त 2024 में भी हरजिंदर सिंह नामक एक भारतीय ने फ्लोरिडा के फोर्ट पीयर्स में ट्रक चलाते हुए तीन लोगों की जान ले ली थी। वह भी 2018 में गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ था और बाद में वहां से कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस हासिल किया था।
जसनप्रीत सिंह के खिलाफ अब ड्रग्स, नशे में ड्राइविंग और अवैध प्रवास के तहत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस और इमिग्रेशन विभाग दोनों ही एजेंसियां इस मामले की संयुक्त जांच कर रही हैं।