भारतीय कपल्स के लिए बदल रहा है बाली घूमने का अंदाज, अब सिर्फ बीच नहीं, सुकून के पल भी पहली पसंद

भारतीय कपल्स के बीच लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन बाली को लेकर अब ट्रैवल का ट्रेंड बदल रहा है। पहले जहां ज्यादातर पर्यटक एक ही जगह ठहरकर अलग-अलग टूरिस्ट स्पॉट घूमने की योजना बनाते थे, वहीं अब कपल्स अपनी छुट्टियों को अलग-अलग अनुभवों में बांट रहे हैं। इसमें जंगलों के बीच बने रिजॉर्ट में ठहरना, समुद्र किनारे समय बिताना, छोटे द्वीपों पर रात गुजारना और बिना किसी तय कार्यक्रम के आराम करना शामिल है। ट्रैवल प्लानिंग और बुकिंग प्लेटफॉर्म 30 संडे की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय कपल्स अब बाली में घूमने के साथ-साथ सुकून और निजी समय को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। कंपनी ने करीब 2,800 पूरे हो चुके ट्रैवल इटिनरेरी और यात्रा के बाद मिले फीडबैक का विश्लेषण किया है। इसके अनुसार 2026 में 61.2% ट्रैवल प्लान में कम से कम एक ऐसा दिन शामिल था, जिस दिन के लिए कोई टूर पहले से बुक नहीं किया गया था। 2025 में यह आंकड़ा 43.9% था। रिपोर्ट के मुताबिक बाली में अब उबुद और सेमिन्याक पसंदीदा ठहराव बनकर उभरे हैं। इसके अलावा नुसा पेनिडा और गिली ट्रावांगन जैसे द्वीपों पर रात बिताने का चलन भी बढ़ रहा है।
कुटा की जगह उबुद और सेमिन्याक बन रहे पसंदीदा ठिकाने
कई सालों तक बाली घूमने जाने वाले पर्यटकों के लिए कूटा प्रमुख ठहराव हुआ करता था, लेकिन अब कपल्स की पसंद बदल रही है। ट्रैफिक, बढ़ती भीड़ और तेजी से विकसित होते शहरी इलाकों के कारण शांत और सुकून भरी छुट्टियां चाहने वाले पर्यटक दूसरे विकल्प चुन रहे हैं। 30 संडे के आंकड़ों के मुताबिक 97.7% ट्रैवल इटिनरेरी में उबुद और 83.4% में सेमिन्याक शामिल रहा। वहीं नुसा पेनिडा 34.3% और गिली ट्रावांगन 27.6% ट्रैवल प्लान का हिस्सा रहे। दूसरी ओर कूटा सिर्फ 10%, नुसा दुआ 7.2%, उलुवातु 1.5% और कांग्गु 1.3% इटिनरेरी में शामिल हुआ। कपल्स अब हर जगह को अलग अनुभव के लिए चुन रहे हैं। उबुद को संस्कृति, वेलनेस और प्राकृतिक नजारों के लिए पसंद किया जा रहा है जबकि सेमिन्याक समुद्र तट, रेस्टोरेंट और खानपान के लिए लोकप्रिय है। वहीं द्वीपों पर ठहरना छुट्टियों को एक अलग अनुभव देता है।
बाली ट्रिप में बढ़ रहा है 'बाली Plus' का ट्रेंड, द्वीपों पर भी रुक रहे कपल्स
बाली घूमने जाने वाले कपल्स अब सिर्फ मुख्य द्वीप तक सीमित नहीं रहना चाहते। वे अपनी यात्रा में आसपास के छोटे द्वीपों को भी शामिल कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 37.8% ट्रैवल इटिनरेरी में नुसा पेनिडा, गिली ट्रावांगन या दोनों द्वीपों पर रात बिताने का विकल्प शामिल था। इस बदलाव के पीछे इन द्वीपों का शांत माहौल और अलग तरह का अनुभव प्रमुख वजह है। गिली ट्रावांगन पर कार और मोटरसाइकिल की आवाजाही नहीं होने से यहां धीमी रफ्तार में छुट्टियां बिताने का मौका मिलता है। वहीं नुसा पेनिडा में रात रुकने से पर्यटक जल्दबाजी में वापस लौटने के बजाय द्वीप के अलग-अलग स्थानों को आराम से देख सकते हैं। अब इन जगहों को केवल एक दिन की सैर के लिए नहीं, बल्कि छुट्टियों के एक अलग पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।
नई पसंद बना 'Doing Nothing Day'
रिपोर्ट में सबसे दिलचस्प बदलाव यह सामने आया है कि भारतीय कपल्स अब अपनी छुट्टियों में कुछ समय बिना किसी तय कार्यक्रम के बिताना चाहते हैं। इसे 'Doing Nothing Day' का नाम दिया गया है। 30 संडे के आंकड़ों के मुताबिक 2026 में 61.2% ट्रैवल इटिनरेरी में कम से कम एक ऐसा दिन शामिल था, जिस दिन कोई प्री-बुक्ड टूर या घूमने का कार्यक्रम नहीं था। 2025 में यह आंकड़ा 43.9% था। इसका मतलब यह नहीं है कि पर्यटक कम जगहें देखना चाहते हैं बल्कि वे लगातार घूमने और व्यस्त शेड्यूल के बीच आराम के लिए भी समय निकालना चाहते हैं। किसी दिन रिसॉर्ट में आराम करना, फ्लोटिंग ब्रेकफास्ट का आनंद लेना, स्पा जाना या स्विमिंग पूल के पास समय बिताना भी अब छुट्टियों का अहम हिस्सा बन रहा है। खास बात यह है कि कपल्स अब अपनी यात्रा में रोमांच और आराम के बीच संतुलन बनाने पर ध्यान दे रहे हैं।
सिर्फ बीच नहीं, एडवेंचर और अनोखे अनुभव भी पसंद कर रहे पर्यटक
बाली की लोकप्रियता अब केवल समुद्र तटों तक सीमित नहीं है। यहां एडवेंचर, प्राकृतिक नजारों और खास अनुभवों की भी मांग बढ़ रही है। 30 संडे के अनुभव संबंधी आंकड़ों के मुताबिक साउथ बाली एक्सकर्शन, उबुद में ATV राइड और बाली स्विंग जैसी गतिविधियों को पर्यटकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। इन अनुभवों की सकारात्मक रेटिंग 91% से अधिक रही। हालांकि सबसे ज्यादा सकारात्मक प्रतिक्रिया माउंट बटूर जीप सफारी को मिली। यह गतिविधि केवल 11.9% ट्रैवल इटिनरेरी में शामिल थी लेकिन इसमें हिस्सा लेने वाले 96.5% लोगों ने इसे सकारात्मक रेटिंग दी।
इसके अलावा कपल्स के बीच कुछ खास अनुभव भी लोकप्रिय हैं:
- फ्लोटिंग ब्रेकफ़ास्ट: 25.6% इटिनरेरी में शामिल, 80% सकारात्मक रेटिंग।
- कैंडललाइट डिनर: समुद्र तट पर कैंडललाइट डिनर 29.2% इटिनरेरी में शामिल रहा, जिसे 82.5% सकारात्मक रेटिंग मिली।
- माउंट बटूर जीप सफारी: 11.9% इटिनरेरी में शामिल, 96.5% सकारात्मक रेटिंग।
ये आंकड़े बताते हैं कि पर्यटक अब सिर्फ लोकप्रिय जगहों पर जाने के बजाय यादगार और खास अनुभवों को भी महत्व दे रहे हैं।
हर लोकप्रिय एक्टिविटी पर्यटकों को पसंद नहीं आ रही
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि बाली की हर टूरिस्ट एक्टिविटी पर्यटकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती। कुछ अनुभवों में खूबसूरत लोकेशन होने के बावजूद वहां पहुंचने की परेशानी, ज्यादा समय लगना और खराब प्लानिंग जैसी समस्याएं सामने आईं। यात्रा के बाद मिले फीडबैक में चार तरह की समस्याएं प्रमुख रहीं। हालांकि, कंपनी ने जारी जानकारी में इन चारों समस्याओं का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया है। रिपोर्ट का कहना है कि ट्रैवल प्लान बनाते समय केवल ज्यादा से ज्यादा जगहें शामिल करना सही रणनीति नहीं है। इसके बजाय ट्रांसफर टाइम, यात्रा की दूरी, टूर ऑपरेटर की गुणवत्ता और पर्यटकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखना जरूरी है।
सिंगल लोगों को फिनलैंड में फ्री ब्लाइंड डेट का मौका, फ्लाइट से होटल तक का खर्च उठाएगा पर्यटन बोर्ड
ट्रैवल प्लानिंग में बदलाव को लेकर बोले 30 संडे के CEO
30 संडे के CEO और को-फाउंडर क्षितिज चौधरी के मुताबिक कंपनी का उद्देश्य पर्यटकों को केवल अतिरिक्त गतिविधियां बेचने या उनकी यात्रा को जरूरत से ज्यादा व्यस्त बनाने का नहीं है। कंपनी ट्रैवल प्लानिंग को सलाह देने वाले नजरिए से देखती है ताकि पर्यटक बुकिंग से पहले अपनी पूरी यात्रा को समझ सकें और उसी के अनुसार फैसला ले सकें।
बाली घूमने का नया फॉर्मूला: कम भागदौड़, ज्यादा अनुभव
बाली में भारतीय कपल्स की बदलती पसंद यह संकेत देती है कि अब छुट्टियों का मतलब केवल ज्यादा से ज्यादा टूरिस्ट स्पॉट घूमना नहीं रह गया है। पर्यटक अपनी यात्रा में एडवेंचर, रोमांस, प्राकृतिक खूबसूरती और आराम के लिए अलग-अलग समय रखना चाहते हैं।




















