Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

न रिश्तेदार, न दोस्त... फिर भी शादी में उमड़ी भीड़, मेबैक कार तक मिली गिफ्ट! चीन की शादी चर्चा में

चीन के युन्नान प्रांत में एक दूल्हे ने शादी में रिश्तेदारों की कमी पूरी करने के लिए सोशल मीडिया पर अजनबियों को न्योता दिया। इसके बाद अनजान लोग बाराती बनकर पहुंचे और नए जोड़े को ढेरों तोहफे दिए। किसी ने खाना बनाया, तो किसी ने महंगी मेबैक कार गिफ्ट कर दी। जानिए इस अनोखी शादी की पूरी कहानी।
न रिश्तेदार, न दोस्त... फिर भी शादी में उमड़ी भीड़, मेबैक कार तक मिली गिफ्ट! चीन की शादी चर्चा में
दूल्हे की एक पोस्ट ने बदल दी शादी, अनजान लोग बाराती बनकर पहुंचे और दे गए महंगा गिफ्ट

जरा सोचिए, आपकी शादी हो और मेहमानों की लिस्ट में रिश्तेदारों का नाम ही न हो! न मामा-मौसी, न चाचा-ताऊ और न ही कोई पुराना दोस्त... लेकिन फिर भी शादी में इतनी भीड़ जुट जाए कि पूरा इलाका देखते रह जाए। सुनने में किसी फिल्म की कहानी लग रही है, लेकिन चीन में ऐसा सच में हुआ है। यहां एक दूल्हे ने अपनी शादी में रिश्तेदारों की कमी पूरी करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। उसने इंटरनेट पर अनजान लोगों को शादी का न्योता दे दिया। इसके बाद जो हुआ, उसने दूल्हे की जिंदगी का सबसे यादगार दिन बना दिया। अजनबी लोग न सिर्फ बाराती बनकर पहुंचे, बल्कि ऐसे-ऐसे तोहफे लेकर आए कि हर कोई हैरान रह गया। किसी ने शादी का खाना बनाने में मदद की, तो किसी ने घर सजाया। यहां तक कि एक शख्स ने दूल्हा-दुल्हन को महंगी मेबैक कार तक गिफ्ट कर दी।

बचपन से अकेलेपन में बीता दूल्हे का जीवन

यह अनोखी कहानी चीन के युन्नान प्रांत में रहने वाले एक युवक की है। उसकी जिंदगी बचपन से ही काफी मुश्किलों भरी रही। जब वह प्राइमरी स्कूल में पढ़ता था, तभी उसके पिता का निधन हो गया था। पिता के जाने के बाद परिवार की जिम्मेदारी और परिस्थितियां पूरी तरह बदल गईं। कुछ समय बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली। ऐसे मुश्किल दौर में युवक और उसका बड़ा भाई ही एक-दूसरे का सहारा बने। दोनों ने कई परेशानियों का सामना करते हुए अपना बचपन बिताया। परिवार का साथ कम मिलने के बावजूद युवक ने हार नहीं मानी। उसने मेहनत की, अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने की कोशिश की और धीरे-धीरे अपने सपनों को पूरा करने के लिए पैसे जोड़ने लगा। आखिरकार उसकी जिंदगी में वह दिन भी आया, जब उसने अपनी पसंद की लड़की से शादी करने का फैसला किया। शादी की तैयारियां शुरू हो गईं, लेकिन एक ऐसी परेशानी सामने थी, जिसका उसके पास कोई आसान हल नहीं था।

शादी में मेहमान नहीं थे, तो इंटरनेट पर बुला लिए अजनबी!

दूल्हे के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि शादी में शामिल होने के लिए उसके पास रिश्तेदारों की कोई बड़ी लिस्ट नहीं थी। उसे डर था कि शादी के दिन मेहमानों की कमी के कारण खुशियों का माहौल फीका पड़ जाएगा। आखिर शादी जैसे खास मौके पर हर कोई चाहता है कि उसके आसपास अपने लोग हों और खुशियां बांटने के लिए भीड़ हो। लेकिन इस युवक ने उदास बैठने के बजाय ऐसा आइडिया लगाया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उसने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी बताई और अनजान लोगों को अपनी शादी में आने का न्योता दे दिया। उसे शायद खुद भी अंदाजा नहीं था कि इंटरनेट पर उसकी यह अपील इतनी तेजी से वायरल हो जाएगी। देखते ही देखते लोगों के जवाब आने लगे। कई लोगों ने कहा, 'भाई, हम आ रहे हैं।' किसी ने अपनी मौजूदगी का भरोसा दिया, तो किसी ने शादी को खास बनाने में मदद करने की बात कही।

बाराती बनकर पहुंचे अजनबी, तोहफों से भर दिया घर

इसके बाद शादी के दिन जो नजारा देखने को मिला, उसने हर किसी को भावुक कर दिया। जिन लोगों को दूल्हा कभी जानता तक नहीं था, वे उसके मेहमान बनकर पहुंच गए। खास बात यह थी कि ये लोग सिर्फ शादी में खाना खाने नहीं आए थे, बल्कि नए जोड़े की खुशियों में शामिल होने और उन्हें आशीर्वाद देने पहुंचे थे। लोग अपने साथ कई तरह के तोहफे और जरूरत का सामान लेकर आए। कुछ लोगों ने शादी की तैयारियों में हाथ बंटाया, तो कई बड़े शेफ बिना किसी पैसे के खाना बनाने में मदद करने पहुंच गए। देखते ही देखते शादी का पूरा माहौल बदल गया। जहां दूल्हे को मेहमानों की कमी का डर सता रहा था, वहीं अब शादी में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।

ये भी पढ़ें: सिंगल लोगों को फिनलैंड में फ्री ब्लाइंड डेट का मौका, फ्लाइट से होटल तक का खर्च उठाएगा पर्यटन बोर्ड

गाड़ियों की कतार, मेबैक कार और शाही अंदाज में हुई शादी

इस शादी की सबसे हैरान करने वाली बात तो अभी बाकी थी। मेहमानों ने दूल्हा-दुल्हन के लिए ऐसा इंतजाम किया कि शादी किसी बड़े सेलिब्रिटी की शादी जैसी लगने लगी। शादी में शामिल होने आए लोगों ने अपनी गाड़ियों की लंबी कतार लगा दी। एक शख्स ने तो नए जोड़े को महंगी मेबैक कार ही तोहफे में दे दी। इसके अलावा लोगों ने मिलकर घर को सजाया और वहां मोमबत्तियां जलाकर खूबसूरत माहौल बनाया। जिस युवक को कुछ समय पहले तक यह चिंता थी कि उसकी शादी में कोई शामिल नहीं होगा, उसके लिए अनजान लोगों ने यादगार जश्न का इंतजाम कर दिया। इस तरह उसकी शादी सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं रही, बल्कि इंसानियत और अपनापन दिखाने वाली एक खास मिसाल बन गई।

रेडिट पर वायरल हुई कहानी, लोगों की आंखें हुईं नम

इस अनोखी शादी की कहानी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर भी शेयर की गई। देखते ही देखते इस पोस्ट को 4,400 से ज्यादा लाइक्स मिल गए। कहानी पढ़ने और शादी का वीडियो देखने के बाद लोग अपनी भावनाएं जाहिर करने लगे। एक यूजर ने लिखा कि उसने शादी का छोटा सा वीडियो देखा और उसकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि जब दूल्हे ने अपनी शादी में इतनी बड़ी भीड़ देखी होगी, तो उसकी खुशी का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। एक अन्य यूजर ने मजेदार अंदाज में उम्मीद जताई कि गांव के लोग हर साल इसी तरह इस जोड़े की शादी की सालगिरह भी मनाते रहेंगे। इस चीनी दूल्हे ने अपनी शादी में यह साबित कर दिया कि खुशियां बांटने के लिए हमेशा खून के रिश्तों का होना जरूरी नहीं है। कभी-कभी अनजान लोग भी इतने अपने बन जाते हैं कि जिंदगी भर के लिए दिल में जगह बना लेते हैं।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts