Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 : आज कोलंबो में भारत-पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला, क्या 12-0 होगा स्कोर?

Follow on Google News
विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 : आज कोलंबो में भारत-पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला, क्या 12-0 होगा स्कोर?
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। लगातार चौथे रविवार क्रिकेट फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच एक रोमांचक मैच देखने को मिलेगा। पुरुष टीमों के बीच एशिया कप में तीनों बार भारत ने जीत दर्ज की थी और अब बारी है महिला टीमों की। विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लीग राउंड में आज भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगी। मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में दोपहर 3 बजे से शुरू होगा।

    टूर्नामेंट में अब तक का प्रदर्शन

    • भारत ने अपने पहले मुकाबले में श्रीलंका को हराकर टूर्नामेंट की विजयी शुरुआत की, जबकि पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।
    • भारत अंक तालिका में चौथे स्थान पर है।
    • पाकिस्तान छठे स्थान पर है।
    • अगर आज भारत यह मैच जीत लेता है, तो वह 4 अंकों के साथ अंक तालिका में पहले नंबर पर पहुंच जाएगा।

    भारत का पाक पर 100% जीत का रिकॉर्ड

    • विमेंस वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान की टीम कभी भी भारत को नहीं हरा पाई है।
    • अब तक दोनों टीमों के बीच 11 मुकाबले हुए हैं और सभी भारत ने जीते हैं।
    • वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमें 4 बार आमने-सामने आईं और हर बार भारत ने बाजी मारी।

    हेड-टू-हेड (विमेंस वनडे)

    भारत जीता: 11

    पाकिस्तान जीता: 0

    संभावित प्लेइंग XI

    भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देओल, जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, रेणुका सिंह/क्रांति गौड़, श्री चरणी।

    पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली, ओमैमा सोहेल, सिद्रा अमीन, आलिया रियाज, सिद्रा नवाज (विकेटकीपर), रमीन शमीम, नाशरा संधू, डायना बेग, सादिया इकबाल, नतालिया परवेज।

    मौसम और पिच रिपोर्ट

    कोलंबो में पिच स्पिनर्स को मदद करती है। यहां खेले गए 22 मैचों में 12 बार पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती है। हालांकि, आज बारिश का खतरा सबसे बड़ा विलेन बन सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 100% बारिश की संभावना है। तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

    कप्तानों और कोच की प्रतिक्रियाएं

    भारत के गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी ने कहा- "हमारा पूरा फोकस क्रिकेट पर है। लड़कियों से उम्मीद है कि वे इसे किसी अन्य मैच की तरह लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों के वर्कलोड पर नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर रोटेशन अपनाया जाएगा।

    पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने कहा- "रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बनते हैं। हमें विश्वास है कि अगर हम अच्छा क्रिकेट खेलें, तो किसी भी टीम को हराया जा सकता है।"

    कहां देखें लाइव मैच

    • भारत बनाम पाकिस्तान महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा।
    • ऑनलाइन दर्शक इसे जियोसिनेमा और हॉटस्टार ऐप पर लाइव देख सकते हैं।

    क्यों खास है आज का मैच

    अगर हरमनप्रीत कौर की टीम पाकिस्तान को हराने में कामयाब होती है, तो वह न केवल अंक तालिका में टॉप पर पहुंच जाएगी, बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ अपनी 12वीं लगातार जीत भी दर्ज करेगी। वहीं पाकिस्तान के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ की स्थिति जैसा है।  हार का मतलब लगभग टूर्नामेंट से बाहर होने के बराबर।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts