Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विदेशी टी-20 लीग से बाहर होंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी, PCB ने सभी NOC किए सस्पेंड, भारत से मिली हार का असर

विदेशी टी-20 लीग से बाहर होंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी, PCB ने सभी NOC किए सस्पेंड, भारत से मिली हार का असर
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने विदेशी टी-20 लीगों में खेलने वाले पाकिस्तानी क्रिकेटरों के नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) को सस्पेंड कर दिया है। यह बड़ा कदम एशिया कप फाइनल में भारत से हार के अगले ही दिन उठाया गया। बोर्ड ने इस फैसले का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है, लेकिन इससे खिलाड़ियों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

    PCB का अचानक बड़ा फैसला

    पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, PCB के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुमैर अहमद सैयद ने 29 सितंबर को खिलाड़ियों और उनके एजेंट्स को एक आधिकारिक नोटिस भेजा। इसमें लिखा गया कि PCB चीफ के निर्देश पर विदेशी लीग और अन्य टूर्नामेंटों में खेलने के लिए दिए गए सभी NOC अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिए जाते हैं।

    भारत से हार के बाद लिया गया कदम

    28 सितंबर को दुबई में खेले गए एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया। यह इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की लगातार तीसरी जीत रही। हार के अगले ही दिन PCB का यह कदम कई सवाल खड़े करता है, क्योंकि अब खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय टी-20 लीग में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

    BBL और ILT20 पर पड़ा असर

    NOC सस्पेंड होने से बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद रिजवान, फहीम अशरफ और शादाब खान जैसे बड़े खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL 15) में नहीं खेल पाएंगे। वहीं, हारिस रऊफ और अन्य खिलाड़ी UAE की इंटरनेशनल लीग टी-20 (ILT20) में हिस्सा लेने वाले थे, जिसका ऑक्शन 1 अक्टूबर को होना है। इसके लिए 18 पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था, लेकिन अब उनकी राह मुश्किल हो गई है।

    ग्लोबल टी-20 कनाडा लीग में पहले से रोक

    यह पहली बार नहीं है जब PCB ने खिलाड़ियों की विदेशी लीग में भागीदारी पर रोक लगाई हो। एक महीने पहले भी बोर्ड ने कनाडा की ग्लोबल टी-20 लीग में खेलने के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को NOC देने से इनकार कर दिया था।

    हैंडशेक विवाद में भी हुई थी कार्रवाई

    एशिया कप के दौरान PCB ने टीम मैनेजर उस्मान वाहला को निलंबित कर दिया था। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान मुकाबले के दौरान हुए ‘हैंडशेक विवाद’ पर समय रहते कार्रवाई न करने को लेकर बोर्ड ने यह सख्त कदम उठाया था।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts