Asia Cup 2025 Trophy Controversy :ACC चेयरमैन मोहसिन नकवी ने मांगी माफी, BCCI को एशिया कप ट्रॉफी और मेडल देने से किया इनकार

दुबई में एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में भारत-पाकिस्तान के बीच एशिया कप ट्रॉफी विवाद ने नया मोड़ लिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और ACC के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने BCCI से माफी मांगी और माना कि जो हुआ, वह सही नहीं था।
ट्रॉफी और मेडल नहीं लौटाया
इसके बावजूद नकवी ने BCCI को ट्रॉफी और मेडल देने से साफ इनकार किया। बैठक में दोनों पक्षों के बीच कड़ी बहस हुई और माहौल गर्म रहा। नकवी ने कहा कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को दुबई आकर ट्रॉफी लेनी चाहिए, जबकि BCCI ने सवाल उठाया कि जब वहां मौके पर थे तो ट्रॉफी क्यों नहीं ली गई।
ACC और PCB का रुख
सूत्रों के मुताबिक, नकवी ने माफी मांगी लेकिन ट्रॉफी लौटाने के अपने रुख पर कायम रहे। ACC के भीतर भी इस मसले पर मतभेद थे। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत करने की कोशिश की।
भारत ने फाइनल जीता लेकिन ट्रॉफी नहीं ली
एशिया कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया, लेकिन ट्रॉफी टीम को नहीं दी गई। खिलाड़ी नकवी से ट्रॉफी लेने को तैयार नहीं थे। भारतीय टीम चाहती थी कि ट्रॉफी एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के वाइस-चेयरमैन से दी जाए, लेकिन नकवी ने इसे मानने से मना कर दिया। मैच जीतने के बावजूद भारतीय खिलाड़ी लगभग एक घंटे तक इंतजार करते रहे और अंत में बिना ट्रॉफी के ड्रेसिंग रूम लौट गए।
विवाद का असर
नकवी आज लाहौर के लिए रवाना होंगे, लेकिन यह विवाद क्रिकेट जगत और मीडिया में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा। मैच के बाद ट्रॉफी को लेकर हुई यह घटना फैंस और क्रिकेट जगत में काफी चर्चा में रही।











