Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Asia Cup 2025 :'मैच की फीस इंडियन आर्मी के नाम...', कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीता दिल

Follow on Google News
'मैच की फीस इंडियन आर्मी के नाम...', कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीता दिल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर दूसरी बार टी-20 एशिया कप और कुल मिलाकर 9वीं बार यह खिताब जीत लिया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद उनके दिल छू लेने वाले फैसले से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया। सूर्या ने ऐलान किया है कि वे इस टूर्नामेंट में मिली अपनी पूरी मैच फीस भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में पीड़ित परिवारों को दान करेंगे।

    आप हमेशा मेरी यादों में रहेंगे : सूर्या

    फाइनल मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, इस टूर्नामेंट की अपनी पूरी मैच फीस हमारे सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों की मदद के लिए दान करने का फैसला किया है। आप हमेशा मेरी यादों में रहेंगे। जय हिंद।

    सूर्या के इस कदम की देशभर में जमकर सराहना हो रही है। सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस और आम लोग उनकी इस देशभक्ति और संवेदनशीलता को सलाम कर रहे हैं।

    Twitter Post

    कोई विवाद नहीं होना चाहिए : सूर्या 

    पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा, "यह मेरा व्यक्तिगत निर्णय है। मैं इस टूर्नामेंट के सभी सात मुकाबलों की अपनी मैच फीस भारतीय सेना और पहलगाम आतंकी हमले में शहीदों के परिवारों को देना चाहता हूं। इसमें कोई विवाद नहीं होना चाहिए। यह मेरे दिल की भावना है और इस योगदान पर मुझे गर्व है।" सूर्या ने यह भी कहा कि उनका यह फैसला देश के जवानों और शहीद परिवारों के प्रति आभार का एक छोटा सा प्रयास है।

    सातों मैचों की फीस जाएगी सेना और पीड़ित परिवारों को

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) अपने खिलाड़ियों को प्रति टी20 इंटरनेशनल मैच 3 लाख रुपए मैच फीस देता है। एशिया कप 2025 में भारत ने सात मैच खेले और सभी में जीत हासिल की। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हर मुकाबले में टीम की अगुआई की। इस हिसाब से उन्हें कुल 21 लाख रुपए की मैच फीस मिली, जिसे वे भारतीय सेना और पहलगाम हमले के पीड़ित परिवारों को दान करेंगे।

    पहले ऐसी खबरें थीं कि टी20 मैच फीस 4 लाख रुपए है, लेकिन BCCI के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक यह रकम 3 लाख रुपए प्रति मैच है।

    फाइनल में भारत की धमाकेदार जीत

    • 28 सितंबर (रविवार) को खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
    • पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 146 रन बनाए।
    • भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट झटके, जबकि जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए।
    • लक्ष्य का पीछा करते हुए तिलक वर्मा ने 53 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
    • भारत ने 19.4 ओवर में 150/5 का स्कोर बनाकर एशिया कप अपने नाम किया।

    ट्रॉफी विवाद ने बढ़ाया रोमांच

    • फाइनल के बाद ट्रॉफी समारोह में विवाद देखने को मिला। भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।
    • खिलाड़ी चाहते थे कि ट्रॉफी अमीरात क्रिकेट बोर्ड के वाइस चेयरमैन खालिद अल जरूनी से ली जाए, लेकिन नकवी ने इसकी अनुमति नहीं दी।
    • आयोजनकर्ताओं ने मंच से ट्रॉफी हटा दी और बाद में रिपोर्ट्स आईं कि नकवी ट्रॉफी और मेडल अपने होटल के कमरे में ले गए।
    • बीसीसीआई ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि ट्रॉफी को जल्द भारत भेजा जाए।

    बिना ट्रॉफी के मनाया जश्न

    भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रॉफी लिए बिना ही जीत का जश्न मनाया। बाद में खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर AI जनरेटेड ट्रॉफी फोटोज पोस्ट कर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ AI फोटो शेयर करते हुए लिखा, "जब खेल समाप्त हो जाता है, तो केवल चैंपियन को ही याद रखा जाता है, ना कि ट्रॉफी के साथ किसी खिलाड़ी की तस्वीर को।"

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts