8 जून को INDIA ब्लॉक की बैठक :विपक्षी रणनीति पर होगी चर्चा, दिल्ली में जुट सकते हैं कई बड़े नेता

नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन INDIA (I.N.D.I.A) ब्लॉक के वरिष्ठ नेताओं की 8 जून को दिल्ली में बैठक हो सकती है। न्यूज एजेंसी PTI से जुड़े सूत्रों के अनुसार, बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं।
बैठक में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ साझा रणनीति बनाने और विपक्षी दलों के बीच एकजुटता मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।
बदलते राजनीतिक हालात पर होगी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में हाल के विधानसभा चुनावों के नतीजों और कई राज्यों में बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी बातचीत हो सकती है। विपक्ष आने वाले चुनावों को देखते हुए अपनी रणनीति मजबूत करने की कोशिश में जुटा है।
इसके अलावा, पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेताओं पर कथित हमलों का मुद्दा भी बैठक में उठ सकता है। माना जा रहा है कि ममता बनर्जी इस मामले में INDIA ब्लॉक के सहयोगी दलों का समर्थन मांग सकती हैं।
यह भी पढ़ें: BRICS Summit 2026 : भारत करेगा 13वें शहरीकरण फोरम की मेजबानी, दिल्ली में होगा दो दिवसीय वैश्विक सम्मेलन
DMK और AAP की दूरी बनी रह सकती है
रिपोर्ट्स के अनुसार, तमिलनाडु की सत्ताधारी DMK के इस बैठक में शामिल होने की संभावना कम है। इसकी वजह कांग्रेस द्वारा टीवीके (TVK) को समर्थन देना माना जा रहा है। हालांकि, टीवीके को बैठक में शामिल करने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) पहले ही सार्वजनिक रूप से INDIA गठबंधन से दूरी बना चुकी है। ऐसे में पार्टी के इस बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है।
2023 में बनी थी INDIA गठबंधन की नींव
INDIA ब्लॉक की पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। इस बैठक की मेजबानी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी। इसमें विपक्ष के 15 दल शामिल हुए थे। इसका मकसद 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों को एक मंच पर लाना था। इसके बाद गठबंधन की कई बैठकों का आयोजन हुआ, जिनमें साझा रणनीति और सीट बंटवारे जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
लोकसभा चुनाव में 234 सीटें मिलीं
2024 लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन को कुल 234 सीटें मिली थीं। इनमें कांग्रेस को 99, समाजवादी पार्टी को 37 और तृणमूल कांग्रेस को 29 सीटें मिलीं। हालांकि, बहुमत के लिए जरूरी 272 सीटों का आंकड़ा गठबंधन हासिल नहीं कर सका।
इसके अलावा, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) को 288 में से केवल 45 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा गठबंधन ने 230 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
राहुल गांधी के घर भी हुई थी बैठक
सितंबर 2025 में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने सरकारी आवास पर INDIA ब्लॉक के नेताओं के साथ डिनर मीटिंग की थी। बैठक के बाद कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने इसे सफल बताया था।











