PlayBreaking News

BRICS Summit 2026 :भारत करेगा 13वें शहरीकरण फोरम की मेजबानी, दिल्ली में होगा दो दिवसीय वैश्विक सम्मेलन

भारत 11 और 12 जून 2026 को नई दिल्ली में 13वें BRICS शहरीकरण फोरम की मेजबानी करेगा। ‘सिटीज फॉर पीपल’ थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में 11 सदस्य देशों के मंत्री, नीति निर्माता और विशेषज्ञ शामिल होंगे। फोरम में समावेशी शहरी विकास, जलवायु-रोधी बुनियादी ढांचे, डिजिटल नवाचार और टिकाऊ शहरों पर चर्चा होगी।
Follow on Google News
भारत करेगा 13वें शहरीकरण फोरम की मेजबानी, दिल्ली में होगा दो दिवसीय वैश्विक सम्मेलन

भारत अपनी BRICS अध्यक्षता के तहत 11 और 12 जून 2026 को नई दिल्ली में 13वें BRICS शहरीकरण फोरम का आयोजन करने जा रहा है। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट’ विजन और भारत की BRICS अध्यक्षता की थीम ‘रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी’ से प्रेरित है।

‘सिटीज फॉर पीपल’ होगी इस बार की थीम

इस वर्ष फोरम का मुख्य विषय ‘सिटीज फॉर पीपल: BRICS कोऑपरेशन फॉर इंक्लूसिव एंड रेजिलिएंट अर्बन फ्यूचर्स’ रखा गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह थीम शहरों के विकास और प्रबंधन में नागरिकों को केंद्र में रखने की भारत की सोच को दर्शाती है। इसका उद्देश्य ऐसे शहरों का निर्माण करना है जो सभी वर्गों के लिए समावेशी, सुरक्षित और टिकाऊ हों।

चौथी बार मेजबानी करेगा भारत

BRICS शहरीकरण फोरम की मेजबानी भारत चौथी बार कर रहा है। इससे पहले भी भारत इस मंच पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुका है।

2013, नई दिल्ली : पहली बार भारत ने मेजबानी की और BRICS एजेंडे में शहरीकरण को प्रमुख स्थान दिलाया।

2016, विशाखापत्तनम : स्मार्ट सिटी और सतत शहरी विकास पर जोर दिया गया।

2021, वर्चुअल आयोजन : महामारी के बाद शहरों की आर्थिक रिकवरी पर चर्चा हुई।

2026, नई दिल्ली : अब भारत चौथी बार इस वैश्विक मंच की मेजबानी करेगा।

शहरी चुनौतियों पर होगा मंथन

फोरम ऐसे समय में आयोजित हो रहा है जब भारत समेत कई BRICS देश तेजी से शहरीकरण का सामना कर रहे हैं। इसके चलते आवास, परिवहन, जलवायु परिवर्तन, शहरी वित्त, नागरिक सेवाएं और स्थानीय निकायों की क्षमता जैसी चुनौतियां सामने आ रही हैं। सम्मेलन में इन मुद्दों के समाधान और बेहतर शहरी विकास मॉडल पर चर्चा की जाएगी।

इन विषयों पर रहेगा विशेष फोकस

दो दिवसीय फोरम में मुख्य रूप से निम्न विषयों पर चर्चा होगी-

  • समावेशी शहरी विकास
  • जलवायु और आपदा-रोधी बुनियादी ढांचा
  • मजबूत नगर निकाय और प्रशासन
  • डिजिटल तकनीक के जरिए बेहतर शहरी शासन
  • सतत और स्मार्ट शहरों का विकास

Featured News

पहले दिन क्या होगा?

11 जून को फोरम का उद्घाटन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के बीच उच्चस्तरीय चर्चा होगी, जिसमें साझा चुनौतियों और प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

साथ ही विदेशी प्रतिनिधियों को नई दिल्ली के विभिन्न विकास परियोजनाओं और शहरी बदलावों का प्रत्यक्ष अनुभव कराने के लिए फील्ड विजिट भी कराई जाएगी।

दूसरे दिन होंगी विशेष चर्चाएं

12 जून को विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। इसमें सदस्य देश अपने अनुभव, सफल मॉडल और नवाचार साझा करेंगे। इसके अलावा देशों के बीच द्विपक्षीय बैठकों का भी आयोजन होगा, जिससे आपसी सहयोग और साझेदारी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

11 सदस्य देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

इस वैश्विक सम्मेलन में BRICS के सभी 11 सदस्य देशों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, नीति निर्माता और शहरी विकास विशेषज्ञ शामिल होंगे। माना जा रहा है कि यह फोरम भविष्य के शहरों को अधिक समावेशी, टिकाऊ और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts