PlayBreaking News

Weather Update :अगले 8 घंटे भारी पड़ सकते हैं, 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट; 75 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

IMD ने 9 मई को यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश समेत 13 राज्यों में आंधी- बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में ओले गिरने और बिजली चमकने का खतरा भी बताया गया है।
Follow on Google News
अगले 8 घंटे भारी पड़ सकते हैं, 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट; 75 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

नई दिल्ली। मई का महीना शुरू होते ही आमतौर पर लोग तेज गर्मी और लू के लिए तैयार रहने लगते हैं, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश, आंधी और बादलों की आवाजाही बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने 9 मई को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटे देश के कई राज्यों के लिए भारी पड़ सकते हैं। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत 13 राज्यों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। कई इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम लगातार करवट ले रहा है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आसपास मध्य क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी निचले स्तर पर हवा का दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इसी सिस्टम की वजह से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बादल, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

यूपी और बिहार में बारिश-आंधी का अलर्ट

पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार शाम से मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिहार में भी 10 से 12 मई के बीच बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में बिजली गिरने का खतरा जताया गया है।

मध्य प्रदेश में ओले और तेज हवाओं की चेतावनी

मध्य प्रदेश में भी मौसम अचानक करवट ले सकता है। IMD के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल समेत कई शहरों में बादल छाए रहने और तेज हवा चलने का अनुमान है। 

Twitter Post

दिल्ली में बारिश नहीं, लेकिन गर्मी बढ़ेगी

राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में लू जैसे हालात बने रहेंगे और 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं। दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर के समय धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी आने वाले दिनों में मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग ने 11 से 14 मई के बीच कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में भी तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

पूर्वी भारत में बिजली गिरने का खतरा

पूर्वी भारत के राज्यों में मौसम विभाग ने ज्यादा सतर्क रहने को कहा है। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। ओडिशा में 9 से 12 मई तक मौसम खराब रह सकता है। वहीं झारखंड में 10 से 14 मई के बीच तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

ये भी पढ़ें: नोरोवायरस का कहर! 3116 यात्रियों वाले क्रूज में 115 बीमार, 3 मौतें, आखिर कैसे फैला संक्रमण?

महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में भी असर

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले दो दिन तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी मौसम सक्रिय रहेगा। कई इलाकों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कर्नाटक और तमिलनाडु में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं केरल और लक्षद्वीप में भी मौसम बिगड़ सकता है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले कुछ दिन मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

इन शहरों में कितना रहेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली में 36 डिग्री, जयपुर में 38 डिग्री, मुंबई में 34 डिग्री और कोलकाता में 35 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है। वहीं शिमला और नैनीताल जैसे पहाड़ी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहेगा।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts