Monsoon 2026 : गर्मी ने बेहाल कर दिया? खुशखबरी! इस बार 5 दिन पहले केरलम पहुंचेगा मानसून

नई दिल्ली। देशभर में पड़ रही तेज गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से करीब पांच दिन पहले भारत में दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून एक जून को केरलम पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 26 मई तक केरलम पहुंचने की संभावना जताई गई है। इससे उम्मीद की जा रही है कि देश के कई हिस्सों को जल्द गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि इस साल बारिश सामान्य से कम हो सकती है।
अंडमान-निकोबार से होगी मानसून की शुरुआत
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून सबसे पहले 20 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पहुंचेगा। इसके बाद यह धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए दक्षिण भारत की ओर बढ़ेगा और 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। विभाग ने यह भी कहा है कि मानसून के आगमन के अनुमान में चार दिन तक का अंतर संभव है। मानसून के जल्दी आने की खबर ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत की उम्मीद दी है।
ये भी पढ़ें: Petrol-Diesel महंगा… अब ‘पानी’ से दौड़ेगी Bus : दिल्ली में हाइड्रोजन बस सेवा शुरू, धुएं की जगह निकलेगी भाप
उत्तर भारत में लगातार बढ़ रहा तापमान
इन दिनों उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी चरम पर है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मप्र और राजस्थान में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। कई इलाकों में लू जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के लिए बारिश और तेज आंधी का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
कम बारिश का अनुमान बढ़ा रहा चिंता
हालांकि मानसून जल्दी आने की संभावना है, लेकिन मौसम विभाग ने इस साल सामान्य से कम बारिश का अनुमान जताया है। इसके पीछे अल नीनो की स्थिति को बड़ा कारण माना जा रहा है। विभाग के मुताबिक इस बार देश में करीब 80 सेंटीमीटर बारिश होने की संभावना है, जो सामान्य स्तर से कम मानी जा रही है। कम बारिश का असर सबसे ज्यादा खेती और जल संसाधनों पर पड़ सकता है।
किसानों के सामने बढ़ सकती है मुश्किलें
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बारिश कम हुई तो किसानों को सिंचाई के लिए पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है। कई राज्यों में पहले से ही जलस्तर गिर रहा है। ऐसे में कम बारिश खरीफ फसलों के लिए चुनौती बन सकती है। कृषि क्षेत्र के साथ-साथ बिजली और पेयजल व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है।
इन राज्यों में पड़ रही बेहद गर्मी
राजस्थान में कई शहरों का तापमान 44 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है और दिनभर लू चल रही है। हरियाणा और पंजाब में भी गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर और खजुराहो जैसे शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है। उत्तर प्रदेश में कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। कई इलाकों में लोग सुबह और शाम के समय ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।












