
मुंबई। हुरुन इंडिया ने भारत के रईसों की 2024 की लिस्ट जारी कर दी है। इसके मुताबिक, अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी और उनके परिवार की कुल संपत्ति एक साल में 95% बढ़कर 11.62 लाख करोड़ रुपए हो गई। पिछले एक साल में अडानी परिवार की कुल वेल्थ 5,65,503 करोड़ रुपए की तेजी आई। इसके साथ ही अडानी परिवार देश का सबसे अमीर परिवार हो गया है। उसने अंबानी परिवार को पीछे छोड़ दिया है। पिछले साल की तुलना में अंबानी की संपत्ति 25% उछलकर 10.14 लाख करोड़ रुपए हो गई है।
बता दें कि, वर्ष 2023 की हुरुन इंडिया सूची में अडाणी की संपत्ति 57% की भारी गिरावट के साथ 4.74 लाख करोड़ रुपए रह गई थी। दरअसल जनवरी, 2023 में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में लगाए गए कई गंभीर आरोपों के कारण अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी। समूह ने इन सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया था। पिछले साल अंबानी 8.08 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ देश के सबसे अमीर भारतीय चुने गए थे। हुरुन ने वर्ष 2014 के संस्करण में अडाणी को पहली बार देश के सर्वाधिक 10 अमीर लोगों की सूची में रखा था। उस बार वह 44,000 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सूची में 10वें स्थान पर रहे थे।
ये हैं भारत के 10 सबसे अमीर लोग
- गौतम अडाणी एंड फैमिली 11,61,800 करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में टॉप पर हैं।
- मुकेश अंबानी ने 2024 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में दूसरा शीर्ष स्थान हासिल किया है। उनकी नेटवर्थ 10,14,700 करोड़ रुपए है।
- एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शिव नाडार एंड फैमिली इस साल तीसरे स्थान पर रहे हैं। उनकी संपत्ति 3,14,000 करोड़ रुपए है।
- वैक्सीन निर्माता सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के साइरस एस पुनावाला एंड फैमिली इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। उनकी नेटवर्थ 2,89,800 करोड़ रुपए है।
- इसके बाद भारत के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में 5वें स्थान पर सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के दिलीप शांघवी हैं। उनकी नेटवर्थ 2,49,900 करोड़ रुपए है।
- 6वें स्थान पर 2,35,200 करोड़ रुपए नेटवर्थ के साथ आदित्य बिरला ग्रुप के कुमार मंगलम बिरला एंड फैमिली हैं।
- 7वें स्थान पर हिंदुजा ग्रुप के गोपीचंद हिंदुजा एंड फैमिली हैं। इनकी नेटवर्थ 1,92,700 करोड़ रुपए है।
- 8वें स्थान पर ऐवेन्यू सुपरमार्ट्स के राधाकृष्ण दमानी एंड फैमिली हैं। इनकी नेटवर्थ 1,90,900 करोड़ रुपए है।
- 9वें स्थान पर 1,90,700 करोड़ रुपए नेटवर्थ के साथ विप्रो के अजीम प्रेमजी एंड फैमिली हैं।
- 10वें स्थान पर 1,62,800 करोड़ रुपए नेटवर्थ के साथ बजाज ऑटो के नीरज बजाज एंड फैमिली हैं।
ये भी पढ़ें- Reliance का अब AI पर फोकस, क्लाउड वेलकम ऑफर के तहत मिलेगा 100 GB फ्री डेटा