अब आधार कार्ड में जरूरी बदलाव कराने के लिए आधार सेंटर जाने की टेंशन खत्म हो गई है। सरकार ने नया आधार ऐप (New Aadhaar App) लॉन्च किया है, जिसकी मदद से आप घर बैठे ही आधार से जुड़ी जरूरी जानकारी अपडेट कर सकते हैं। मोबाइल नंबर से लेकर एड्रेस तक, सब कुछ अब आसानी से अपने स्मार्टफोन से बदला जा सकता है।
UIDAI के इस नए आधार ऐप में 50 से ज्यादा नए फीचर्स जोड़े गए हैं। इन फीचर्स की मदद से यूजर्स अपनी डिजिटल पहचान को आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से मैनेज कर सकते हैं। यह कदम भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
नए आधार ऐप में ऑफलाइन आधार वेरिफिकेशन, सेलेक्टिव डेटा शेयरिंग, मोबाइल नंबर और एड्रेस अपडेट जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसका मतलब यह है कि आप पूरी आधार डिटेल बताए बिना भी जरूरत पड़ने पर अपनी पहचान वेरिफाई कर सकते हैं।
New Aadhaar App की खास बात यह है कि आप एक ही डिवाइस से बच्चों या आश्रितों के आधार डिटेल्स भी मैनेज कर सकते हैं। इससे परिवार के सभी सदस्यों का आधार अपडेट करना आसान हो जाएगा।
UIDAI के मुताबिक, लोग अब भी होटल, सिम कार्ड, ऑफिस वेरिफिकेशन जैसी जगहों पर आधार की फोटोकॉपी शेयर करते हैं। इससे डेटा के गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ जाता है। नया आधार ऐप इस खतरे को कम करने के लिए डिजाइन किया गया है, ताकि आधार नंबर या बायोमेट्रिक डेटा शेयर किए बिना पहचान साबित की जा सके।
नए ऐप के जरिए यूजर बिना आधार नंबर बताए पहचान वेरिफाई कर सकता है। मोबाइल नंबर और एड्रेस अपडेट कर सकता है। फिजिकल कॉपी दिए बिना चुनिंदा आधार जानकारी शेयर कर सकता है। रोजमर्रा के वेरिफिकेशन को ज्यादा सुरक्षित बना सकता है।