गंगा में कुत्ते को नहलाया!चेतावनी के बाद भी नहीं मानी महिला, श्रद्धालुओं का फूटा गुस्सा

हरिद्वार। हरिद्वार से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों की भावनाओं को झकझोर दिया है। पवित्र गंगा नदी के घाट पर एक महिला अपने पालतू कुत्ते को नहलाती हुई दिखाई दे रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो हरिद्वार के सर्वानंद घाट का है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वीडियो देखने के बाद लोगों में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। गंगा को मां मानने वाले श्रद्धालु इस घटना को धार्मिक भावनाओं के खिलाफ मान रहे हैं।
घाट पर क्या हुआ?
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने परिवार के साथ गंगा घाट पर पहुंची थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था। लेकिन कुछ ही देर बाद महिला ने अपने पालतू कुत्ते को गंगा नदी में नहलाना शुरू कर दिया।
जैसे ही आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने यह देखा, उन्होंने तुरंत इसका विरोध किया। लोगों का कहना था कि गंगा नदी उनके लिए सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। ऐसे में वहां जानवर को नहलाना सही नहीं है।
यह भी पढ़ें: पानीपत में कुत्ते रॉकी की ‘तेरहवीं’! इंसान जैसी रस्म-रिवाज और श्रद्धांजलि
महिला की जिद बनी विवाद की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब लोगों ने महिला को रोका तो वह मानने को तैयार नहीं हुई। वह अपने फैसले पर अड़ी रही और कुत्ते को नहलाती रही। इस दौरान माहौल धीरे-धीरे गरम हो गया। श्रद्धालु महिला को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला ने उल्टा उन पर ही गुस्सा जताया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
कुछ समय तक यह बहस चलती रही, जिससे घाट पर मौजूद अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए। माहौल बिगड़ता देख महिला के परिवार के लोगों ने बीच-बचाव किया। उन्होंने महिला को समझाया और आखिरकार वह कुत्ते को लेकर वहां से चली गई।
यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे का होगा विस्तार: मेरठ से हरिद्वार तक बनेगा नया रास्ता, इन 12 जिलों को मिलेगा बड़ा फायदा
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी है। कई लोग इसे आस्था का अपमान बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे जागरूकता की कमी का उदाहरण मान रहे हैं।
लोगों ने जताई कड़ी नाराजगी
इस मामले पर लोगों की कड़ी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। इस घटना की लोगों ने निंदा करते हुए कहा कि गंगा जी को हिंदू धर्म में देवी का दर्जा प्राप्त है। उनका कहना है कि गंगा जल का उपयोग हर पूजा और धार्मिक कार्य में किया जाता है। यह हमारी संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा है। ऐसे में गंगा में कुत्ते को नहलाना पूरी तरह से गलत है। उन्होंने आगे कहा कि पशु प्रेम अच्छी बात है, लेकिन उसके नाम पर धार्मिक भावनाओं का अपमान करना ठीक नहीं है। लोगों को यह समझना चाहिए कि हर जगह का अपना महत्व और नियम होता है।
प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल
हालांकि इस मामले में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन इस तरह की घटनाएं दर्शाती है कि घाटों पर नियमों को लेकर और सख्ती की जरूरत है।











