हरदा में एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, 38 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद

हरदा। पुलिस के मुताबिक, जब्त एमडी ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 60 हजार रुपए है, जबकि वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार की कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर छोटीहरदा स्थित यात्री प्रतीक्षालय और अंडरब्रिज के पास की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा और एसडीओपी शालिनी परस्ते के मार्गदर्शन में जिले के थाना क्षेत्रों में नशे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान मंगलवार को सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से एमडी ड्रग्स की सूचना मिली। छोटीहरदा स्थित यात्री प्रतीक्षालय और अंडरब्रिज के पास पुलिस की अलग-अलग टीमें तैनात की गईं। इसी दौरान हण्डिया की तरफ से नीले रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम को देखकर चालक ने रोक लिया और फिर कार मोड़कर भागने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें: इंदौर में नो कार डे: आठ चौराहों पर 30% कम हुई कारों की आवाजाही, अफसरों ने चुनी ईवी
आरोपियों ने भागने की कोशिश की
पुलिस बल ने दौड़कर कार को रोक लिया। कार में ड्राइविंग सीट पर चालक और पीछे की सीट पर दो लोग बैठे थे। तीनों को नीचे उतारकर पूछताछ की गई तो चालक ने अपना नाम आदर्श पिता संतोष राजपूत, उम्र 24 वर्ष, निवासी देव कॉलोनी हरदा बताया। पीछे बैठे लोगों की पहचान शाह फैजल उर्फ सानू पिता अख्तर खान, उम्र 38 वर्ष, निवासी गढ़ीपुरा हरदा और रामभरोस उर्फ राहुल पिता गेंदालाल मीना, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम झालवा, हाल निवासी हरिओम नगर, साईं मंदिर के पास के रूप में हुई।
कार में सीट के बीच छिपाकर रखी थी एमडी
थाना प्रभारी निरीक्षक आरएस तिवारी के मुताबिक, कार को मोड़कर भागने का कारण पूछने पर शाह फैजल उर्फ सानू ने डरते हुए बताया कि गाड़ी में एमडी रखी हुई है। पुलिस ने तीनों की अलग-अलग तलाशी ली, लेकिन उनके पास कोई अवैध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद कार क्रमांक डीएल 2 सीएएक्स 9118 की तलाशी ली गई। पीछे की सीट पर बैठने और टिकने वाली सीट के बीच प्लास्टिक की पन्नी में एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसका वजन करने पर 38.15 ग्राम निकला।




















