शराब के नशे में दोस्त को मौत के घाट उतार तलाई में गाड़ दिया शव

इंदौर। बड़गोंदा थाना क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। साथ बैठकर शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की धारदार हथियार फलिया से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को छिपाने और पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने शव को खेत के पास स्थित तलाई में ले जाकर मिट्टी में दबा दिया और फरार हो गया। गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने शव बरामद किया और संदेह के आधार पर आरोपी को पड़ोसी जिले धार से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें: सीधी में सोन नदी का पुल जलमग्न, पहाड़ी खिसकने से 40 गांवों का संपर्क टूटा
बड़गोंदा पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मिथुन उर्फ धर्मेंद्र, निवासी खेड़ा गवली पलासिया, के रूप में हुई है। परिजनों ने उसके अचानक लापता होने पर एक दिन पहले थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, तभी खेत के पास बनी एक तलाई में मिट्टी से ढंका शव होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया तो शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गंभीर घाव मिले। पोस्टमार्टम में भी पुष्टि हुई कि उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई थी।
ये भी पढ़ें: नहीं होगा थलापति विजय का तलाक: पत्नी संगीता ने वापस ली अर्जी, केस खत्म
जांच के दौरान मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि मिथुन को आखिरी बार उसके दोस्त सुखराम, निवासी धार, के साथ देखा गया था। इस सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम तत्काल धार पहुंची और सुखराम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान वह टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह और मिथुन साथ बैठे थे और दोनों ने शराब पी थी। नशे के दौरान किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर उसने पास में रखा फलिया उठाया और मिथुन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मिथुन की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: दुनिया में सबसे पहली एंटीबायोटिक दवा किसने बनाई? मेडिकल साइंस की यह कहानी जानकर रह जाएंगे हैरान
हत्या के बाद आरोपी घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने शव को खेत के पास स्थित तलाई तक ले जाकर मिट्टी में दबा दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। इसके बाद वह मौके से भागकर धार चला गया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल का निरीक्षण किया है और हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।












