Raipur:रायपुर नगर निगम में प्लेसमेंट कर्मचारियों की हड़ताल से काम ठप, जन्म-मृत्यु और मैरिज सर्टिफिकेट के लिए भटके सैकड़ों लोग

रायपुर: रायपुर नगर निगम में प्लेसमेंट कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल का सीधा असर आम लोगों पर पड़ा। जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, दस्तावेज सुधार और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई आवेदकों को बिना काम हुए वापस लौटना पड़ा, जबकि नगर निगम के सभी 10 जोन कार्यालयों में प्रशासनिक कामकाज भी प्रभावित रहा।
ये भी पढ़ें: Raipur: सुप्रीम कोर्ट से भूपेश बघेल को झटका, पाटन चुनाव याचिका पर हाईकोर्ट में जारी रहेगी सुनवाई
कर्मचारियों की हड़ताल से ठप हुआ कामकाज
छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की दो दिवसीय हड़ताल के कारण शुक्रवार को रायपुर नगर निगम मुख्यालय सहित शहर के सभी 10 जोन कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। प्लेसमेंट कर्मचारियों के काम पर नहीं आने से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, दस्तावेज सुधार, सत्यापन और अन्य प्रशासनिक सेवाएं लगभग ठप रहीं। इसका सबसे ज्यादा नुकसान आम नागरिकों को उठाना पड़ा।

प्रमाण पत्र के लिए घंटों इंतजार, फिर लौटना पड़ा खाली हाथ
नगर निगम पहुंचे कई लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण उनका काम नहीं हो सका। निगम कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने अधिकांश आवेदकों को सोमवार को दोबारा आने की सलाह दी। इससे दूर-दराज से आए लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
QR कोड की गड़बड़ी से बेटी का आधार कार्ड अटका
जन्म प्रमाण पत्र में सुधार कराने पहुंचे रघुवीर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी के जन्म प्रमाण पत्र पर लगा QR कोड स्कैन नहीं हो रहा है। इसके कारण आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है। उन्होंने बताया कि सही QR कोड और हरे रंग के लीगल पेपर पर जारी प्रमाण पत्र की आवश्यकता है, लेकिन हड़ताल के चलते उनका काम नहीं हो पाया।
महासमुंद से आए, फिर भी नहीं मिला प्रमाण पत्र
महासमुंद निवासी रौशनी कुजूर अपने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र लेने रायपुर पहुंचीं, लेकिन हड़ताल के कारण उन्हें भी बिना प्रमाण पत्र के वापस लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि पहले से आवेदन करने के बावजूद कार्यालय में केवल सोमवार को आने की सलाह दी गई।
ये भी पढ़ें: Raipur: रायपुर गंज थाना से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ चोरी का आरोपित, शौचालय ले जाते समय हुआ फरार
मुख्यालय से लेकर 10 जोन कार्यालय तक सेवाएं प्रभावित
हड़ताल का असर केवल जन्म-मृत्यु शाखा तक सीमित नहीं रहा। निगम मुख्यालय सहित सभी 10 जोन कार्यालयों में फाइलों का निपटारा, दस्तावेज सत्यापन, प्रमाण पत्र जारी करने और अन्य प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित रहे। इससे निगम की नियमित सेवाएं बाधित हो गईं।
एकता संघ ने कर्मचारियों के आंदोलन का किया समर्थन
नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने कहा कि प्लेसमेंट कर्मचारियों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं और उनका समाधान जल्द किया जाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों की सेवाओं का सम्मान सुनिश्चित करने की बात कहते हुए आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।

ये भी पढ़ें: Raipur: रावतपुरा सरकार केस में CBI की फोन टैपिंग अवैध, हाईकोर्ट ने रिकॉर्डिंग्स मिटाने के दिए आदेश
इन दो मांगों पर अड़े हैं प्लेसमेंट कर्मचारी
प्लेसमेंट कर्मचारियों की पहली मांग है कि नगरीय निकायों में कार्यरत कर्मचारियों को भी संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्लेसमेंट कर्मचारियों की तरह संविदा दर के बराबर वेतन मिले। दूसरी मांग चारों नए श्रम कानून लागू कर श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा और वैधानिक अधिकार उपलब्ध कराने की है।












