सीधी में सोन नदी का पुल जलमग्न, पहाड़ी खिसकने से 40 गांवों का संपर्क टूटा

सीधी जिले के भवरसेन घाट पर तेज बारिश से सोन नदी का पुल जलमग्न हो गया, जिससे करीब 40 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया। पुल पर जलभराव, गहरे गड्ढों और पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन के चलते प्रशासन ने लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और सावधानी बरतने की सलाह दी।
सीधी में सोन नदी का पुल जलमग्न, पहाड़ी खिसकने से 40 गांवों का संपर्क टूटा
सीधी में सोन नदी के भंवरसेन घाट के पुल पर पानी रहने से आवाजाही बंद रही।

सीधी।जिले के सोन नदी स्थित भंवरसेन घाट पर शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सुबह करीब 7 बजे हुई बारिश के कारण सोन नदी का पुल जलमग्न हो गया, जिससे सीधी मुख्यालय और रामपुर नैकिन तहसील के लगभग 40 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया। लगभग 500 मीटर लंबे इस पुल पर पानी भर जाने से सड़क के गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए हर पल दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही भवरसेन पहाड़ी की तलहटी से लगातार हो रहे मिट्टी के कटाव और भूस्खलन ने खतरे को और बढ़ा दिया है। पहाड़ी से मलबा लगातार सड़क की ओर खिसक रहा है।

प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की दी सलाह 

रामबिहारी पांडेय, महेश नारायण शुक्ला, हीरा सिंह सहित स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण पुल पर जलभराव हो गया है और गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में जान जोखिम में डालकर वाहन निकालने पड़ रहे हैं। यदि बारिश जारी रही तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने हर साल बनने वाली इस समस्या से स्थायी निजात के लिए पक्का पुल और पहाड़ी सुरक्षा दीवार के निर्माण की मांग की है।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में 3 शावकों के साथ दिखी मादा तेंदुआ, गांव में दहशत; वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

मार्ग से सावधानी से गुजरें

पहाड़ी से मिट्टी खिसकने का वीडियो सामने आया है और कटाव जारी है। आमजन से अपील है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही पूरी सावधानी के साथ इस मार्ग से गुजरें। सड़क पर मलबा गिरता दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

सुधांशु तिवारी, थाना प्रभारी, रामपुर नैकिन

ये भी पढ़ें: 6 साल बाद सावन के दूसरे सोमवार पर बन रहा अद्भुत संयोग, इस दिन पूरी हो सकती हैं मनोकामनाएं, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts