Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अहमदाबाद में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, हिमाचल में कई जगह फटे बादल, IMD ने केरल-ओडिशा और पश्चिम बंगाल में जारी किया रेड और ऑरेंज अलर्ट

अहमदाबाद में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, हिमाचल में कई जगह फटे बादल, IMD ने केरल-ओडिशा और पश्चिम बंगाल में जारी किया रेड और ऑरेंज अलर्ट

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद शहर में बीते 12 घंटों से जारी तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पूर्वी अहमदाबाद के मणिनगर, वटवा, सिटीएम, हाटकेश्वर, निकोल, ओधव और विराट नगर जैसे इलाकों में पानी भर गया है। निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। बारिश के दौरान एक युवक बाइक सहित बहकर ड्रेनेज लाइन में फंस गया था। दमकल विभाग ने 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव ड्रेनेज से करीब 200 फीट दूर से बरामद किया। इस मानसून सीजन में अब तक अहमदाबाद में 6.03 इंच बारिश दर्ज की गई है।

सूरत में तीसरे दिन भी जलजमाव

सूरत में भी लगातार तीसरे दिन गुरुवार को बाढ़ जैसे हालात बने रहे। गीतानगर इलाके में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है। यहां एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।

हिमाचल में बादल फटने से मची तबाही, दर्जनों लापता

हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटे में कुल्लू, कांगड़ा और धर्मशाला क्षेत्रों में कम से कम पांच स्थानों पर बादल फटा। जीवा नाला (सैंज), शिलागढ़ घाटी (गढ़सा), स्त्रो गैलरी (मनाली), होरनगढ़ (बंजार) और खनियारा (धर्मशाला) में अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचा दी। कुल्लू में करीब 2 हजार टूरिस्ट फंसे हुए हैं। डैम से पानी छोड़े जाने का अलर्ट जारी किया गया है। धर्मशाला में इंदिरा प्रियदर्शिनी जलविद्युत परियोजना के पास स्थित एक श्रमिक कॉलोनी पर बाढ़ का पानी आ गया, जिससे लगभग 15-20 श्रमिक बह गए।

पीटीआई

SDRF, स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायत की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। BJP विधायक सुधीर शर्मा ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि करीब 20 मजदूर बह गए हैं।

केरल में रेड अलर्ट

गुरुवार को केरल में मानसून ने विकराल रूप ले लिया। एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। IMD ने इन तीन जिलों में रेड अलर्ट और अन्य सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी तिरुवनंतपुरम में तेज हवाओं और बारिश की वजह से बड़े-बड़े होर्डिंग्स गिर गए, पेड़ उखड़ गए। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी

ओडिशा में भी मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, कटक में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। समुद्री इलाकों में 4.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठने का अनुमान है। मछुआरों और आम लोगों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।

संभलपुर शहर में भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। यह स्थिति 30 जून तक बनी रह सकती है।

पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण यहां भी 1 जुलाई तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। तटीय इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे से अधिक गति से हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।

राजस्थान में बांसवाड़ा में रिकॉर्ड बारिश

राजस्थान में भी मानसून सक्रिय है। बांसवाड़ा जिले में एक दिन में 8 इंच बारिश दर्ज की गई, जो इस सीजन की अब तक की सबसे ज्यादा बारिश मानी जा रही है।

Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

Latest Posts