1.72 करोड़ का मुआवजा बना मुसीबत?किसान के गले पर चाकू रख भेजी फोटो, 20 लाख की फिरौती मांगी

इंदौर। बेटमा थाना क्षेत्र के पंथ बड़ोदिया गांव में एक किसान के कथित अपहरण और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले ने सनसनी फैला दी। किसान के स्वजन को उसके गले पर चाकू रखे हुए फोटो भेजकर फिरौती की मांग की गई। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण पूरी रात किसान की तलाश में जुटे रहे। आखिरकार सोमवार अलसुबह किसान गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक खेत में शराब के नशे में बेसुध अवस्था में मिला।
ये भी पढ़ें: NEET परीक्षा देकर लौटी ही नहीं छात्रा: नर्मदा में मिला शव, परीक्षा केंद्र से निकली थी छात्रा
जानकारी के अनुसार ग्राम पंथ बड़ोदिया निवासी हुकुम सिंह सोलंकी रविवार रात करीब 8.30 बजे घर से खेत में मुरम डलवाने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात करीब 12.30 बजे हुकुम सिंह के मोबाइल से उनके बड़े भाई चैन सिंह के फोन पर एक फोटो भेजी गई। फोटो में हुकुम सिंह जमीन पर लेटे दिखाई दे रहे थे और उनके गले पर चाकू रखा हुआ था। तस्वीर में चाकू पकड़ने वाले व्यक्ति का केवल हाथ नजर आ रहा था। इसके बाद हुकुम सिंह के मोबाइल से ही व्हाट्सएप कॉल कर अज्ञात व्यक्ति ने 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी और धमकी दी कि निर्धारित स्थान पर रकम नहीं पहुंचाई गई तो किसान की हत्या कर दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड: CM योगी का बड़ा एक्शन, 4 अफसर सस्पेंड, 4 आरोपी गिरफ्तार, जांच में चौंकाने वाले खुलासे
कुछ देर बाद किसान की बेटी प्राची ने पिता के मोबाइल पर कॉल किया तो एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाकर कहा कि “तुम्हारे घर के सदस्य का हमने अपहरण कर लिया है” और कॉल काट दी। घटना की सूचना मिलते ही बेटमा पुलिस सक्रिय हुई और गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। ग्रामीणों ने भी पूरी रात पुलिस का सहयोग करते हुए खेतों और सुनसान इलाकों में तलाश अभियान चलाया।
ये भी पढ़ें: पुरानी BS4-BS6 कारों के लिए बड़ी खुशखबरी ! जल्द आएगी फ्लेक्स-फ्यूल किट, E85 और E100 इथेनॉल पर भी दौड़ेगी गाड़ी
सोमवार सुबह किसान हुकुम सिंह गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक खेत में नशे की हालत में मिले। उन्हें सुरक्षित घर लाया गया। हालांकि पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं और पुलिस मामले को संदेहास्पद मानकर हर पहलू की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि हाल ही में पश्चिमी रिंग रोड परियोजना के लिए अधिग्रहित हुई पैतृक कृषि भूमि के बदले परिवार को कुल 1 करोड़ 72 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। इसमें 1 करोड़ 32 लाख रुपये हुकुम सिंह और 40 लाख रुपये उनकी पत्नी के खाते में जमा हुए थे। इसी वजह से परिवार ने आशंका जताई है कि मुआवजे की राशि के लालच में अपहरण और फिरौती की साजिश रची गई हो सकती है।
एडिशनल एसपी राजकृष्णा ने बताया कि पुलिस की पहली प्राथमिकता किसान को सुरक्षित तलाशना थी, जिसमें सफलता मिली है। अब पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। किसान से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था तथा फिरौती मांगने वालों की भूमिका क्या है।












