कांकेर :खेत में नहा रहे ग्रामीण पर तेंदुए का हमला, चीख सुन दौड़े लोग तब भागा, वन- विभाग ने लोगों को किया अलर्ट

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई है। सरोना वन परिक्षेत्र के बांगाबारी नयापारा गांव में एक ग्रामीण पर उस वक्त तेंदुए ने हमला कर दिया, जब वह खेत में बने बोर के पास नहा रहा था। अचानक हुए हमले से ग्रामीण बुरी तरह घबरा गया और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला।
रविवार शाम खेत में गया था ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, बांगाबारी नयापारा गांव निवासी सगराम नेताम रविवार शाम अपने खेत में बने बोर पर नहाने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों की तरफ से अचानक एक तेंदुआ निकला और उन पर हमला कर दिया।
हमला इतना अचानक था कि सगराम को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तेंदुए ने उन्हें घायल कर दिया और कुछ देर तक खेत के आसपास अफरा-तफरी मची रही।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
हमले के दौरान सगराम नेताम ने जोर-जोर से चीखना शुरू किया। उनकी आवाज सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ और शोर सुनते ही तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। अगर समय पर लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घायल ग्रामीण को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के बाद घायल सगराम नेताम को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बासनवाही ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया चिकित्सकों के मुताबिक, सगराम की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। शरीर पर पंजों और हमले के निशान मिले हैं।
यह भी पढ़ें: ChatGPT से IPL की नकली टिकट बेच रहे थे... एंट्री गेट पर स्कैन कराया तो खुली पोल, 4 आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार
वन क्षेत्र होने से बढ़ रही चिंता
ग्रामीणों ने बताया कि पूरा इलाका सरोना वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही होती रहती है। हालांकि इस तरह सीधे इंसान पर हमला होने से गांव में डर का माहौल बन गया है। अब ग्रामीण शाम के समय खेतों में अकेले जाने से डर रहे हैं। खासकर अंधेरा होने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं।
वन विभाग को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम को अलर्ट किया गया। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। वन विभाग ने लोगों को रात में अकेले बाहर नहीं निकलने, समूह में रहने और खेतों की ओर जाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
तेंदुए की तलाश में बढ़ाई जाएगी गश्त
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। विभाग ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि वन्यजीव को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग अब वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।











