PU Special :आवास नीति से शहर होंगे झुग्गी मुक्त, PPP मॉडल पर बनेंगे मल्टीस्टोरी आवास, भोपाल में 400 से ज्यादा, इंदौर में 646 स्लम एरिया चिह्नित

मप्र के सभी 413 नगरीय निकायों में बढ़ती झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास के लिए सरकार नई शहरी किफायती आवास एवं पर्यावास नीति लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत पीपीपी मॉडल पर झुग्गी क्षेत्रों में बहुमंजिला आवास बनाए जाएंगे और पात्र परिवारों को पक्के मकान दिए जाएंगे। प्रदेश में फिलहाल 10.87 लाख परिवार झुग्गियों में रहते हैं।
आवास नीति से शहर होंगे झुग्गी मुक्त, PPP मॉडल पर बनेंगे मल्टीस्टोरी आवास, भोपाल में 400 से ज्यादा, इंदौर में 646 स्लम एरिया चिह्नित
फाइल फोटो

अशोक गौतम, भोपाल। प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में झुग्गियों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों में तो कई महत्वपूर्ण और प्राइम लोकेशन की सरकारी जमीनों पर भी झुग्गियां बसती जा रही हैं। सरकार अब नई मप्र शहरी किफायती आवास एवं पर्यावास नीति के जरिए इस चुनौती का समाधान निकालने की तैयारी में है। इसके तहत झुग्गी क्षेत्रों के पुनर्विकास के लिए पीपीपी मॉडल अपनाया जाएगा। झुग्गी बस्तियों की जमीन पर बहुमंजिला आवासीय परिसर विकसित कर पात्र परिवारों को किफायती पक्के मकान देने की योजना है।

प्रदेश में 10.87 लाख परिवार झुग्गियों में 

सरकारी रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में करीब 10.87 लाख परिवार झुग्गियों में रहते हैं। नई नीति और प्रस्तावित सर्वे के बाद पात्र परिवारों की संख्या बढ़कर करीब 11.18 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, प्रदेश की सभी झुग्गियों और उनमें रहने वाले परिवारों का एकीकृत और ताजा आंकड़ा अभी उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से सरकार सभी नगरीय निकायों में जीआईएस आधारित सर्वे करा रही है।

भोपाल-इंदौर में करीब चार लाख परिवार

भोपाल में 400 से अधिक झुग्गी क्षेत्र बताए गए हैं। इनमें करीब दो लाख परिवारों के रहने का अनुमान है। वहीं इंदौर नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार 646 स्लम बस्तियों में करीब 1.82 लाख परिवार निवास कर रहे हैं। यानी दोनों बड़े शहरों में ही झुग्गियों में रहने वाले परिवारों की संख्या करीब चार लाख तक पहुंचती है। प्रदेश के दूसरे शहरों में भी तेजी से बढ़ती आबादी के साथ ऐसी बस्तियों का विस्तार हो रहा है।

Breaking News

प्राइम लोकेशन की जमीन पर कब्जा

राजधानी भोपाल में वल्लभ भवन, न्यू मार्केट, बाणगंगा, अन्ना नगर और विश्वकर्मा नगर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के आसपास झुग्गियां विकसित हो चुकी हैं। इन इलाकों की जमीन व्यावसायिक और शहरी विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। इंदौर में भी बाणगंगा, भूसाखेड़ी और खजराना समेत कई इलाकों में झुग्गियों का विस्तार हुआ है। शहरों के भीतर जमीन की बढ़ती कीमत और रोजगार के लिए आने वाली आबादी के कारण इन बस्तियों का फैलाव लगातार चुनौती बन रहा है।

जमीन का बेहतर उपयोग, झुग्गीवासियों को पक्के घर

नई आवास नीति में झुग्गी पुनर्विकास के लिए पीपीपी मॉडल पर जोर है। इसमें जमीन और परियोजना की आर्थिक व्यवहार्यता के आधार पर निजी निवेशकों तथा विकास एजेंसियों की भागीदारी से बहुमंजिला आवास विकसित किए जाएंगे। पात्र झुग्गी परिवारों को किफायती पक्के मकान मिलेंगे। साथ ही सड़क, पानी, सीवेज और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। परियोजना के बाद बची जमीन का उपयोग व्यावसायिक या अन्य शहरी जरूरतों के लिए किया जा सकेगा।

ये भी पढ़ें: अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0-शहरों में बनेंगी हाईराइज इमारतें, 5 से 6 लाख में मिलेंगे फ्लैट, सीएम ने जारी किए अर्बन पॉलिसी के ड्राफ्ट

जीआईएस सर्वे बताएगा असली तस्वीर 

सरकार का जीआईएस आधारित सर्वे झुग्गी बस्तियों की लोकेशन, क्षेत्रफल, परिवारों की संख्या, जमीन की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं का रिकॉर्ड तैयार करेगा। इसके आधार पर बस्तियों को पुनर्विकास के लिए चिन्हित किया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद ही प्रदेश में झुग्गियों और उनमें रहने वाले परिवारों की वास्तविक संख्या सामने आने की उम्मीद है।

किफायती आवास की व्यवस्था की जाएगी

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के एसीएस संजय दुबे ने बताया कि शहरों को झुग्गी मुक्त करने के लिए शहरी आवास नीति में प्रावधान किए जा रहे हैं। निकायों को झुग्गियों के सर्वे के आधार किफायती आवास की व्यवस्था की जाएगी। गरीबों और बेघरों को सरकार लग-अलग स्तर पर सब्सिडी की व्यवस्था की है।

ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री खट्टर बोले... 2047 को ध्यान में रखते हुए तैयार करें शहरों के विकास की योजना

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts