गुजरात से इंदौर तक पुलिस की पड़ताल, सिर में लगी प्लेट ने खोली अंधे कत्ल की कहानी!

इंदौर। हत्या के बाद शव को आग के हवाले कर पहचान मिटाने की कोशिश की गई, लेकिन हत्यारों की एक चूक ने पुलिस के हाथ ऐसा सुराग थमा दिया, जिसने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी। कचरे के ढेर में मिली युवक की जली हुई लाश की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। चेहरा और शरीर बुरी तरह झुलस चुके थे। ऐसे में पोस्टमार्टम के दौरान सिर में मिली सर्जिकल प्लेट पुलिस के लिए सबसे अहम कड़ी साबित हुई। प्लेट पर दर्ज सीरियल नंबर के सहारे पुलिस गुजरात की कंपनी से लेकर इंदौर के अस्पताल तक पहुंच गई। आखिरकार मृतक की पहचान ई-रिक्शा चालक विनय सोलंकी के रूप में हुई। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसके तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है।
ये भी पढ़ें: रियाद में हूतियों का हमला, 2 भारतीयों समेत 11 घायल; यमन में भी बरसे बम
आग में झुलसा चेहरा, कचरे के ढेर में फेंका शव
आजाद नगर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट के पास कचरे के ढेर में एक युवक का बुरी तरह जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव की हालत देखकर पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना थी। चेहरा पूरी तरह झुलस चुका था और शरीर से भी पहचान के सामान्य संकेत मिलना मुश्किल था। शुरुआती जांच में पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों की नजर युवक के सिर में लगी सर्जिकल प्लेट पर पड़ी। यहीं से इस अंधे कत्ल की जांच ने नया मोड़ ले लिया।
ये भी पढ़ें: PU Special : एमपी के 55 लाख स्कूली बच्चों को अब तक नहीं मिली यूनिफॉर्म, 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट का काम अटका
एक सीरियल नंबर ने खोल दी पहचान की पूरी कुंडली
पुलिस ने सर्जिकल प्लेट पर अंकित सीरियल नंबर को जांच का आधार बनाया। एआई की मदद से प्लेट की तकनीकी जानकारी जुटाई गई। आजाद नगर टीआई लोकेश सिंह भदौरिया ने नंबर के जरिए प्लेट की सप्लाई से जुड़ी कड़ियां खंगालनी शुरू कीं। जांच में पता चला कि प्लेट गुजरात के बड़ौदा की एक कंपनी से सप्लाई की गई थी।पुलिस ने कंपनी से संपर्क कर रिकॉर्ड मांगा। वहां से इंदौर और भोपाल के डिस्ट्रीब्यूटरों का डेटा मिला। इसके बाद डिस्ट्रीब्यूटरों के माध्यम से उन अस्पतालों की सूची निकाली गई, जहां इस तरह की प्लेट पहुंचाई गई थीं। इसी सूची में अरविंदो अस्पताल का नाम सामने आया।
ये भी पढ़ें: सीहोर VIT यूनिवर्सिटी में फिर देर रात छात्रों का हंगामा, ब्लॉक-6 के बाहर जुटे सैकड़ों छात्र
गुजरात की कंपनी से अरविंदो अस्पताल तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने अरविंदो अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल रिकॉर्ड की जांच की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2025 में विनय सोलंकी नामक युवक के सिर का ऑपरेशन हुआ था। इसी ऑपरेशन के दौरान उसके सिर में सर्जिकल प्लेट लगाई गई थी। प्लेट का सीरियल नंबर और अस्पताल का रिकॉर्ड आपस में मेल खाते ही पुलिस को मृतक की पहचान का पुख्ता सुराग मिल गया। इसके बाद पुलिस छोटा बांगड़दा स्थित विनय के घर पहुंची और परिजनों से संपर्क किया।
21 नवंबर की रात घर से निकला, फिर नहीं लौटा
परिजनों ने बताया कि विनय ई-रिक्शा चलाता था। वह 21 नवंबर की रात करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। पिता जगदीश सोलंकी ने एरोड्रम थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिवार को जब जला हुआ शव मिलने की जानकारी मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने विनय के कुछ दोस्तों पर संदेह जताया। पुलिस ने तत्काल तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि, संदेही अभी हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार नहीं कर रहे हैं। पुलिस अब उनके बयानों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
ये भी पढ़ें: सर्दियों में घर पर ऐसे धोएं भारी कंबल, इन 6 आसान टिप्स से खराब नहीं होंगे रेशे और वॉशिंग मशीन
प्रेम विवाह टूटा तो पत्नी के नाम पर बनवाया बाज का टैटू
जांच के दौरान विनय की निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां भी सामने आईं। एसीपी रवींद्र बिलवाल के मुताबिक, विनय की गर्दन के पास बाज का टैटू बना हुआ था। उसकी बहन ने पुलिस को बताया कि विनय ने प्रेम विवाह किया था और सीने पर पत्नी का नाम गुदवाया था। बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद पत्नी का नाम छिपाने के लिए उसने उसी के ऊपर बाज का टैटू बनवा लिया था। बताया गया कि बाद में विनय एक अन्य युवती के संपर्क में आया, लेकिन वह भी उससे अलग हो गई।




















