PU Special :एमपी के 55 लाख स्कूली बच्चों को अब तक नहीं मिली यूनिफॉर्म, 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट का काम अटका

मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 55 लाख विद्यार्थियों को चालू शैक्षणिक सत्र का आधा समय बीतने के बाद भी नई यूनिफॉर्म नहीं मिल पाई है। सरकार ने इस बार ड्रेस खरीदकर देने के बजाय विद्यार्थियों के खातों में सीधे राशि भेजने का फैसला किया था, लेकिन यह प्रक्रिया भी अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
एमपी के 55 लाख स्कूली बच्चों को अब तक नहीं मिली यूनिफॉर्म, 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट का काम अटका
एमपी के 55 लाख स्कूली बच्चों को अब तक नहीं मिली यूनिफॉर्म

रामचन्द्र पाण्डेय, भोपाल। कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को दो जोड़ी यूनिफॉर्म के लिए 600 रुपए दिए जाने हैं। इसके लिए करीब 350 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। स्कूल शिक्षा विभाग के 12 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल सहित 13 जिलों में विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेट करने का काम शुरू नहीं हुआ था। प्रोफाइल अपडेट होने के बाद ही पात्र बच्चों के खातों में राशि भेजी जा सकेगी।

टेंडर विवाद के बाद सरकार ने बदली यूनिफॉर्म देने की व्यवस्था

पहले सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म खरीदकर देने की जिम्मेदारी पाठ्यपुस्तक निगम की थी। इस बार खरीद प्रक्रिया में विवाद और टेंडर निरस्त होने के बाद सरकार ने सितंबर 2026 में विद्यार्थियों के खातों में सीधे राशि भेजने का निर्णय लिया। हालांकि, व्यवस्था बदलने के बावजूद बच्चों को नई ड्रेस के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें: एमपी कैबिनेट के फैसले: यूनिफॉर्म के लिए बच्चों को 600 रुपए, अग्निवीरों को 5 विभागों में 20% आरक्षण

भोपाल समेत 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट का काम शुरू नहीं

स्कूल शिक्षा विभाग के 12 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, भोपाल सहित प्रदेश के 13 जिलों में विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेट करने का काम शुरू नहीं हुआ था। विदिशा, निवाड़ी, नरसिंहपुर, बुरहानपुर, टीकमगढ़ और शाजापुर सहित कई जिलों में भी प्रक्रिया पिछड़ी हुई है। प्रोफाइल अपडेट होने के बाद ही पात्र विद्यार्थियों के खातों में यूनिफॉर्म की राशि पहुंच सकेगी।

55 लाख बच्चों को मिलनी है 600 रुपए की राशि

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ने वाले करीब 55 लाख विद्यार्थियों को दो जोड़ी यूनिफॉर्म के लिए प्रति विद्यार्थी 600 रुपए दिए जाने हैं। इस योजना पर सरकार करीब 350 करोड़ रुपए खर्च करेगी। लेकिन प्रोफाइल अपडेट और राशि ट्रांसफर में देरी के कारण बच्चों को अब तक नई यूनिफॉर्म नहीं मिल पाई है।

पुरानी और छोटी ड्रेस पहनकर स्कूल जा रहे बच्चे

यूनिफॉर्म नहीं मिलने से विद्यार्थियों को पुरानी ड्रेस पहनकर ही स्कूल जाना पड़ रहा है। कई बच्चों की ड्रेस छोटी हो चुकी है, जबकि कुछ की ड्रेस लगातार इस्तेमाल के कारण खराब हो गई है। भोपाल के शासकीय मिडिल स्कूल बागसेवनिया की कक्षा आठवीं की छात्रा सुनीता ने बताया कि उसकी पुरानी ड्रेस छोटी हो गई है। नई यूनिफॉर्म मिलने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक नहीं मिली। वहीं, सेमरी कला की प्राथमिक शाला में कक्षा पांचवीं के छात्र राजेश सिंह ने कहा कि सभी बच्चों को एक जैसी ड्रेस पहनकर स्कूल आना होता है। नई ड्रेस के लिए पैसे मिलने का इंतजार है, ताकि यूनिफॉर्म बनवा सकें।

Breaking News

भोपाल डीपीसी कार्यालय में योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल

भोपाल जिले में राज्य शिक्षा केंद्र की योजनाओं को लागू करने के तरीके पर भी सवाल उठ रहे हैं। यूनिफॉर्म की राशि के लिए प्रोफाइल अपडेट का काम शुरू नहीं हो पाया था। इसके अलावा स्कूलों की मरम्मत और निर्माण कार्यों में भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। स्कूल प्रभारियों ने डीपीसी सिद्धार्थ जैन से इंजीनियरों और ठेकेदारों की शिकायत की है, लेकिन सुधार की स्थिति स्पष्ट नहीं है। इससे निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

राज्य शिक्षा केंद्र का दावा- 96 फीसदी प्रोफाइल अपडेट

राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल की एएमडी काजल जावला के मुताबिक, विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेट करने की प्रक्रिया करीब 96 फीसदी पूरी हो चुकी है। शेष बच्चों का रिकॉर्ड भी अपडेट कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पात्र विद्यार्थियों के खातों में यूनिफॉर्म की राशि भेजने की कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी। संभवत: एक-दो दिन में बच्चों के खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts