Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Toxic Box Office Collection: रिलीज होते ही छा गई ‘टॉक्सिक’,पहले ही दिन 100 करोड़ पार, कई बड़े सितारों को छोड़ा पीछे

यश की मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग ने जबरदस्त रिकॉर्ड बनाए थे और अब पहले दिन की कमाई ने भी बड़ा इतिहास रच दिया। 
रिलीज होते ही छा गई ‘टॉक्सिक’,पहले ही दिन 100 करोड़ पार, कई बड़े सितारों को छोड़ा पीछे
‘टॉक्सिक’ने पहले ही दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया

एंटरटेनमेंट डेस्क। रॉकिंग स्टार यश की मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की है। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह था। एडवांस बुकिंग में भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और रिलीज से पहले ही इस साल की बड़ी प्री-सेल फिल्मों में अपनी जगह बना ली थी। फिल्म बुधवार, 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिलीज के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों और फिल्म समीक्षकों की राय मिली-जुली रही, लेकिन इसका असर पहले दिन की कमाई पर ज्यादा दिखाई नहीं दिया। यश के स्टारडम और फिल्म को लेकर बने माहौल का फायदा बॉक्स ऑफिस पर साफ नजर आया।

पहले दिन ‘टॉक्सिक’ ने कितने करोड़ कमाए?

शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 101.10 करोड़ रुपए की नेट कमाई की। फिल्म ने पहले दिन देशभर में हजारों शोज के जरिए बड़ी संख्या में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा। फिल्म की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा हिंदी वर्जन से आया। इसके अलावा कन्नड़, तेलुगू, तमिल और मलयालम भाषाओं में भी फिल्म ने अच्छी कमाई की। पहले दिन अलग-अलग भाषाओं में फिल्म की कमाई इस तरह बताई गई है- 

हिंदी- 55 करोड़ रुपए
कन्नड़- 23.30 करोड़ रुपए
तेलुगू- 16 करोड़ रुपए
तमिल- 5.50 करोड़ रुपए
मलयालम- 1.30 करोड़ रुपए

इस तरह भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन करीब 120.75 करोड़ रुपए रहा। वहीं विदेशी बाजारों से फिल्म ने करीब 20 करोड़ रुपए कमाए। भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर ‘टॉक्सिक’ का पहले दिन का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 140.75 करोड़ रुपए बताया गया है।

Toxic Movie Review: ‘टॉक्सिक’ का क्लाइमैक्स देख उड़े होश! यश के खूंखार अवतार ने मचाया तहलका, आखिर क्या है इतना खास?

100 करोड़ की ओपनिंग के साथ यश ने रचा इतिहास

‘टॉक्सिक’ की सबसे बड़ी उपलब्धि इसकी पहले दिन की 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई है। इस शानदार शुरुआत के साथ यश ने भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। फिल्म ने पहले दिन कमाई के मामले में प्रभास की कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। ‘कल्कि 2898 एडी’, ‘सालार’, ‘आदिपुरुष’ और ‘साहो’ जैसी फिल्मों की ओपनिंग को पीछे छोड़ते हुए ‘टॉक्सिक’ इस लिस्ट में छठे स्थान पर पहुंच गई है। इस उपलब्धि के साथ यश उन चुनिंदा भारतीय सितारों में शामिल हो गए हैं, जिनकी एक से ज्यादा फिल्मों ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की ओपनिंग दर्ज की है।

बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में ‘टॉक्सिक’ की एंट्री

पहले दिन के आंकड़ों के आधार पर भारतीय फिल्मों की सबसे बड़ी ओपनिंग की लिस्ट में ‘टॉक्सिक’ ने छठा स्थान हासिल किया है।

टॉप 10 बड़ी ओपनिंग वाली फिल्में

  • पुष्पा 2- 174.90 करोड़ रुपए
  • धुरंधर 2- 145 करोड़ रुपए
  • RRR- 133 करोड़ रुपए
  • बाहुबली 2- 121 करोड़ रुपए
  • KGF: चैप्टर 2- 116 करोड़ रुपए
  • टॉक्सिक- 101.10 करोड़ रुपए
  • कल्कि 2898 एडी- 95.30 करोड़ रुपए
  • सालार- 90.70 करोड़ रुपए
  • आदिपुरुष- 86.75 करोड़ रुपए
  • साहो- 84.75 करोड़ रुपए

‘KGF 2’ के बाद यश की बड़ी वापसी

यश ने ‘KGF: चैप्टर 2’ की सफलता के बाद लंबे समय तक किसी फिल्म में नजर नहीं आए थे। ऐसे में ‘टॉक्सिक’ को उनकी बड़ी वापसी के तौर पर देखा जा रहा था। ‘KGF’ फ्रेंचाइजी ने यश को देशभर में एक बड़े पैन-इंडिया स्टार के रूप में स्थापित किया था। इसके बाद उनकी अगली फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता थी। यही वजह है कि ‘टॉक्सिक’ की एडवांस बुकिंग को लेकर भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। रिलीज के दिन कई जगहों पर फिल्म के शोज हाउसफुल रहने की खबरें सामने आईं। त्योहार और छुट्टियों का फायदा भी फिल्म को मिला, जिससे शुरुआती कलेक्शन मजबूत रहा।

रिलीज से पहले ही ‘टॉक्सिक’ का डंका! 13 हजार से ज्यादा शो और लाखों टिकटों की बंपर बिक्री

कमाई पर नहीं पड़ा बड़ा असर

‘टॉक्सिक’ को लेकर सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं एक जैसी नहीं हैं। कुछ दर्शकों ने फिल्म की कहानी, यश के अभिनय और विजुअल्स की तारीफ की है, जबकि कुछ लोगों को फिल्म की कहानी और प्रस्तुति उम्मीद के मुताबिक नहीं लगी। इसके बावजूद पहले दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। इससे साफ है कि यश की फैन फॉलोइंग और फिल्म को लेकर पहले से बना माहौल इसकी ओपनिंग में बड़ी भूमिका निभा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ‘टॉक्सिक’ आने वाले दिनों में भी इसी रफ्तार से कमाई जारी रख पाएगी या फिर शुरुआती क्रेज के बाद इसकी कमाई में गिरावट आएगी।

कौन-कौन है स्टारकास्ट में?

‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में यश मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी अहम किरदारों में नजर आती हैं। फिल्म में अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म का नाम और इसका फेयरी टेल वाला कॉन्सेप्ट इसे सामान्य एक्शन फिल्मों से अलग बनाने की कोशिश करता है। वहीं यश की मौजूदगी ने फिल्म को रिलीज से पहले ही बड़े स्तर पर चर्चा में ला दिया था।

अब दूसरे दिन के कलेक्शन पर नजर

पहले दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद अब ‘टॉक्सिक’ के सामने अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखने की चुनौती है। अगर फिल्म को वीकेंड पर भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो इसका कलेक्शन तेजी से बढ़ सकता है। फिलहाल इतना साफ है कि ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर अपनी ताकत दिखा दी है। यश की फिल्म ने 100 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग कर न सिर्फ शानदार शुरुआत की, बल्कि भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों की लिस्ट में भी अपनी जगह बना ली है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts