Call Me Bae Season 2: दो लड़के और एक दिल! नए पोस्टर में दिखा अनन्या पांडे का लव ट्रायंगल, इस दिन होगी सीरीज रिलीज

ओटीटी की पॉपुलर सीरीज 'कॉल मी बे' (Call Me Bae) एक बार फिर दर्शकों के बीच रोमांस, ड्रामा और नए ट्विस्ट लेकर लौट रही है। सीरीज के दूसरे सीजन का नया पोस्टर सामने आ गया है, जिसमें अनन्या पांडे दो लड़कों के बीच उलझी नजर आ रही हैं। यानी इस बार बे की जिंदगी में प्यार तो होगा, लेकिन उसके साथ कन्फ्यूजन और मुश्किलें भी कम नहीं होंगी।
प्राइम वीडियो की इस सीरीज में अनन्या पांडे के साथ गुरफतेह पीरजादा और विहान समत के बीच दिलचस्प लव ट्रायंगल देखने को मिलेगा। नील और अगस्त्य के अपने-अपने अंदाज हैं। ऐसे में सवाल है कि बे का दिल आखिर किसके लिए धड़केगा? क्या उसकी ओल्ड स्कूल लव लाइफ इस बार कोई नया मोड़ लेगी? नए पोस्टर ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।
करण जौहर की टीम ने किया है प्रोड्यूस
'कॉल मी बे सीजन 2' को धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता ने प्रोड्यूस किया है। वहीं, सोमेन मिश्रा और कॉलिन डी'कुन्हा इसके एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। सीरीज को इशिता मोइत्रा ने क्रिएट किया है। इसकी कहानी इशिता मोइत्रा ने समीना मोटलेकर, रोहित नायर और नित्तल चंदराना के साथ मिलकर लिखी है।
पुरानी कास्ट के साथ नए चेहरों की भी एंट्री
दूसरे सीजन में अनन्या पांडे एक बार फिर बे के किरदार में नजर आएंगी। उनके साथ गुरफतेह पीरजादा, विहान समत, वीर दास, वरुण सूद, मुस्कान जाफरी, निहारिका लायरा दत्त, लिसा मिश्रा और मिनी माथुर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं, श्रुति कमल हासन भी इस बार टैलेंट टीम में शामिल हुई हैं।
इस दिन रिलीज होगा Call Me Bae Season 2
सीरीज का प्रीमियर 17 दिसंबर 2026 को होगा। इसे भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में एक्सक्लूसिव तौर पर Amazon Prime Video पर स्ट्रीम किया जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि बे की जिंदगी में नील और अगस्त्य में से कौन जगह बना पाता है और इस लव ट्रायंगल में कौन-सा नया ट्विस्ट देखने को मिलता है।




















