Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

27 देशों में ‘रामायण’ का डंका! रणबीर-यश की फिल्म ने बनाया नया रिकॉर्ड

रणबीर कपूर और यश की फिल्म रामायण ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है। फिल्म 27 देशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1777 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। जानिए भारत और विदेशों में फिल्म की कमाई, नए रिकॉर्ड और दूसरे भाग की रिलीज से जुड़ी पूरी जानकारी।
27 देशों में ‘रामायण’ का डंका! रणबीर-यश की फिल्म ने बनाया नया रिकॉर्ड
दुनियाभर में छाई रणबीर कपूर की ‘रामायण’, 27 देशों में बनी नंबर वन भारतीय फिल्म

रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फिल्म भले ही दुनियाभर में वैसी कमाई नहीं कर पाई हो, जैसी उम्मीद मेकर्स ने की थी, लेकिन विदेशी बाजारों में इसने भारतीय सिनेमा के लिए नया रिकॉर्ड बना दिया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित कर रही है। फिल्म अब दुनिया के 27 देशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इस उपलब्धि के साथ ‘रामायण’ ने कई भारतीय फिल्मों के पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। खास बात यह है कि फिल्म को भारत के साथ-साथ विदेशों में भी दर्शकों का अच्छा साथ मिल रहा है।

27 देशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी ‘रामायण’

फिल्म के निर्माताओं ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘रामायण’ अब 27 देशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है। इस सूची में अमेरिका, ब्रिटेन, इंडोनेशिया और थाईलैंड जैसे बड़े बाजार शामिल हैं। इसके अलावा वियतनाम, कंबोडिया और यूरोप के कई देशों में भी फिल्म ने भारतीय फिल्मों की कमाई के पुराने रिकॉर्ड तोड़े हैं। दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में फिल्म को खास पसंद किया जा रहा है। कंबोडिया और सिंगापुर जैसे देशों में रामायण की कहानी और उससे जुड़ी सांस्कृतिक मान्यताओं के कारण भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी है। वहीं, सोनी पिक्चर्स के अंतरराष्ट्रीय वितरण नेटवर्क की मदद से फिल्म को कई नए देशों में भी रिलीज किया गया। इनमें स्लोवाकिया, यूक्रेन, लातविया, जॉर्जिया, आर्मेनिया और कैरेबियाई क्षेत्र शामिल हैं। इससे भारतीय फिल्मों को नए विदेशी बाजारों तक पहुंचने का मौका मिला है।

भारत में धीमी हुई कमाई, विदेशों में फिर पकड़ी रफ्तार

‘रामायण’ की कमाई भारत में शुरुआती दिनों के मुकाबले अब धीमी पड़ गई है। रिलीज के पहले हफ्ते में फिल्म ने लगातार सात दिनों तक दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था। हालांकि, अब भारत में इसकी रोजाना की नेट कमाई 10 करोड़ रुपये से नीचे आ गई है। दूसरी तरफ विदेशी बाजारों में फिल्म ने तीसरे हफ्ते में फिर से रफ्तार पकड़ी है। रिलीज के 22वें दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने विदेशी बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर 10 लाख डॉलर से ज्यादा की कमाई की। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 992 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1185 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। शुक्रवार को इसके भारत में 1000 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है। अगर फिल्म ऐसा करने में सफल रहती है, तो यह ‘धुरंधर द रिवेंज’ के बाद 1000 करोड़ रुपये नेट कमाने वाली दूसरी हिंदी फिल्म बन जाएगी।

ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: उदिति सिंह ने मारी बाजी, तीसरी बार बनीं विनर, गुल्लू ने कनिका के लिए छोड़ी कैप्टेंसी!

1777 करोड़ रुपये पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन

विदेशी बाजारों में ‘रामायण’ की कुल कमाई 6.4 करोड़ डॉलर से ज्यादा हो चुकी है। वहीं, फिल्म का दुनियाभर का कुल कलेक्शन 1777 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस कमाई के साथ फिल्म सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में चौथे स्थान पर है। मौजूदा कमाई को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि अगले हफ्ते तक फिल्म ‘बाहुबली 2’ और ‘धुरंधर 2’ को पीछे छोड़ सकती है। ऐसा होने पर यह भारतीय फिल्मों की कमाई की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी।

दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो हिस्सों में तैयार किया जा रहा है। फिल्म के पहले भाग में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा और यश कर रहे हैं। इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल किया गया है। फिल्म के दूसरे भाग को साल 2028 में रिलीज करने की योजना है। पहले भाग को विदेशों में मिली सफलता से दूसरे भाग को लेकर भी दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि फिल्म का अगला हिस्सा बॉक्स ऑफिस पर कितने नए रिकॉर्ड बना पाता है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts