रिलीज से पहले ही ‘टॉक्सिक’ का डंका! 13 हजार से ज्यादा शो और लाखों टिकटों की बंपर बिक्री

एंटरटेनमेंट डेस्क। साउथ सुपरस्टार यश करीब चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होने के बाद से ही टिकटों की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। ‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कियारा आडवाणी और तारा सुतारिया भी नजर आएंगी। फिल्म में यश पहली बार दोनों एक्ट्रेस के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखाई देंगे। फिल्म का टीजर और ट्रेलर पहले ही रिलीज किया जा चुका है, जिसे दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। अब फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी इसकी लोकप्रियता की कहानी बता रहे हैं।
तीन दिनों में बंपर एडवांस बुकिंग
फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हुए तीन दिन हो चुके हैं और इन तीन दिनों में ‘टॉक्सिक’ ने शानदार आंकड़े दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार, एडवांस बुकिंग के पहले दिन फिल्म ने केवल कुछ घंटों में ही हजारों टिकट बेच दिए थे। पहले दिन रात तक फिल्म के 91 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके थे और इससे करीब 4.36 करोड़ रुपए की कमाई हुई थी। अगर ब्लॉक सीटों से होने वाली कमाई को भी जोड़ दिया जाए तो पहले दिन का आंकड़ा करीब 9.47 करोड़ रुपए तक पहुंच गया था। इससे साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी रिलीज से पहले ही काफी ज्यादा है।
‘मैंने तो किस भी नहीं किया’, ‘टॉक्सिक’ के इंटीमेट सीन पर यश ने तोड़ी चुप्पी
दूसरे दिन ‘बॉर्डर 2’ को छोड़ा पीछे
एडवांस बुकिंग के दूसरे दिन ‘टॉक्सिक’ की रफ्तार और तेज हो गई। फिल्म ने इस दौरान ‘बॉर्डर 2’ को पीछे छोड़ दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे दिन ‘टॉक्सिक’ ने ब्लॉक सीटों को अलग रखते हुए करीब 10.95 करोड़ रुपए की एडवांस बुकिंग की। वहीं, ब्लॉक सीटों को शामिल करने के बाद यह आंकड़ा करीब 18.28 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। तुलना करें तो सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने एडवांस बुकिंग में बिना ब्लॉक सीटों के करीब 12.5 करोड़ रुपए और ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर करीब 17.5 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। इस तरह ‘टॉक्सिक’ ने दूसरे दिन ही अपनी मजबूत पकड़ दिखा दी।
तीसरे दिन और तेज हुई टिकटों की बिक्री
फिल्म की एडवांस बुकिंग के तीसरे दिन भी टिकटों की बिक्री में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे तक ‘टॉक्सिक’ ने बिना ब्लॉक सीटों के लगभग 21.77 करोड़ रुपए की एडवांस बुकिंग कर ली थी। वहीं, ब्लॉक सीटों की कमाई को जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब 30.49 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक फिल्म के 5.55 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। देशभर में फिल्म के लिए करीब 13,591 शो दर्ज किए गए हैं। इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि रिलीज से पहले ही ‘टॉक्सिक’ को लेकर बॉक्स ऑफिस पर माहौल बन चुका है।
2026 की दूसरी सबसे बड़ी एडवांस बुकिंग वाली फिल्म
तीसरे दिन के आंकड़ों के बाद ‘टॉक्सिक’ ने 2026 की फिल्मों की एडवांस बुकिंग में भी बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। फिल्म अब 2026 की दूसरी सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है। ‘टॉक्सिक’ ने एडवांस बुकिंग के मामले में ‘द राजा साब’ और ‘पेद्दी’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म की बिना ब्लॉक सीट वाली प्री-सेल कमाई करीब 21.77 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस आंकड़े ने इसे साल की सबसे बड़ी प्री-सेल फिल्मों में शामिल कर दिया है।
Toxic Teaser Out: यश की 'टॉक्सिक' में छाईं हसीनाएं, नयनतारा-कियारा के एक्शन अवतार ने लूट ली महफिल
2026 में सबसे ज्यादा प्री-सेल्स वाली फिल्मों की लिस्ट
एडवांस बुकिंग के आंकड़ों के आधार पर 2026 की टॉप फिल्मों की सूची में फिलहाल ‘धुरंधर 2’ सबसे ऊपर है। इसके बाद ‘जन नायकन’ और ‘टॉक्सिक’ का नंबर आता है।
2026 की टॉप प्री-सेल्स फिल्में-
- धुरंधर 2- 53 करोड़ रुपए
- जन नायकन- 22.26 करोड़ रुपए
- टॉक्सिक- 21.77 करोड़ रुपए
- पेद्दी- 20.66 करोड़ रुपए
- द राजा साब- 15.31 करोड़ रुपए
- मना शंकर वरा प्रसाद गारु- 14 करोड़ रुपए
- बॉर्डर 2- 12.5 करोड़ रुपए
रिलीज से पहले ही बढ़ी उम्मीदें
यश की पिछली फिल्म ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। इसके बाद करीब चार साल के अंतराल के बाद यश की वापसी को लेकर फैंस में पहले से ही काफी उत्साह है। ‘टॉक्सिक’ की एडवांस बुकिंग के आंकड़े इस उत्साह को और मजबूत कर रहे हैं। फिल्म के टीजर और ट्रेलर के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर लगातार चर्चा देखने को मिल रही है।




















