दुर्ग में इंजीनियरिंग छात्र बने चैन स्नैचर,बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना, स्कूटी से करते थे वारदात

सुबह की सैर पर निकलने वाली महिलाओं की करते थे रेकी, एक चलाता था स्कूटी तो दूसरा झपट लेता था सोने की चैन; पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया,दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र में चैन स्नैचिंग की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों पैसों की जरूरत के चलते चैन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
दुर्ग में इंजीनियरिंग छात्र बने चैन स्नैचर,बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना, स्कूटी से करते थे वारदात

भिलाई दुर्ग: दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र में लगातार सामने आई चैन स्नैचिंग की वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी कोई पुराने अपराधी नहीं, बल्कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले युवक-युवती हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों कॉलेज में साथ पढ़ते हैं और पैसों की जरूरत के चलते चैन स्नैचिंग की योजना बनाकर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बना रहे थे।

सुबह की सैर बनी निशाना

मामला दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी सुबह करीब 6:32 बजे घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक-युवती वहां पहुंचे।

ये भी पढ़ें: फर्जी दस्तावेज से CISF में भर्ती,दंतेवाड़ा पुलिस ने राजस्थान से दबोचा आरोपी, ऐसे खुला पूरा फर्जीवाड़ा

पीछे बैठे आरोपी ने झपटी चैन

स्कूटी से पहुंचे आरोपियों में एक वाहन चला रहा था, जबकि पीछे बैठे आरोपी ने मौका मिलते ही गीता देवी के गले से सोने की चैन झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

20 सितंबर को फिर बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में भी चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। लगातार हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

ये भी पढ़ें: जिंदा बेटी का पिता ने किया पिंडदान,मुस्लिम युवक से शादी के बाद पिता ने तोड़ा रिश्ता

CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों वारदातों का खुलासा

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने दोनों चैन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने वारदात के तरीके और आरोपियों की गतिविधियों को लेकर भी जानकारी जुटाई।

ये भी पढ़ें: अंबिकापुर में 2.39 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का मामला, मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स का संचालक गिरफ्तार

बुजुर्ग महिलाओं की करते थे रेकी

एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक आरोपी सुबह के समय स्कूटी से क्षेत्र में घूमते थे और पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही स्कूटी की रफ्तार बढ़ाकर चैन झपटने के बाद फरार हो जाते थे।

पहचान छिपाने हेलमेट और कपड़े का इस्तेमाल

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़े का इस्तेमाल किया। वारदात के दौरान दोनों की भूमिका पहले से तय रहती थी—एक स्कूटी चलाता था और दूसरा चैन झपटता था।

सोने की चैन और स्कूटी जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चैन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें: मंत्रालय में नौकरी-आवास का झांसा, 9 लाख की ठगी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया अपराध का तरीका

पूरे मामले में पुलिस की जांच का फोकस CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों की गतिविधियों पर रहा। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों वारदातों को आरोपियों से जोड़ते हुए कार्रवाई की है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...Read More

Latest Posts